कटनी ब्रेकिंग: पथरी के ऑपरेशन के दौरान युवती की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप

कटनी ब्रेकिंग: पथरी के ऑपरेशन के दौरान युवती की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप

कटनी- शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एमजीएम हॉस्पिटल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान एक युवती की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान फिज़ा परवीन, निवासी विजयराघवगढ़ के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार फिज़ा परवीन पथरी के इलाज के लिए एमजीएम हॉस्पिटल में भर्ती हुई थीं, जहां ऑपरेशन के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों द्वारा गलत नस काट दिए जाने के कारण फिज़ा की मौत हुई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का आक्रोश देखने को मिला।

बताया जा रहा है कि मृतका विजयराघवगढ़ के एक शासकीय विद्यालय में गेस्ट टीचर के पद पर कार्यरत थीं। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Exit mobile version