कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के बंधी स्टेशन ग्राम में बीती रात गला घोंटकर एक प्रौढ़ महिला की हत्या कर दी गई। जिस वक्त यह वारदात हुई उस वक्त महिला घर में अकेली थी। शुरूआती जांच में आशंका जताई जा रही थी चोरी की नियत से घर में घुसे किसी अज्ञात आरोपी ने महिला को मौत के घाट उतार दिया है।
वारदात को लेकर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली है। स्लीमनाबाद पुलिस ने महिला का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बंधी स्टेशन ग्राम में 55 वर्षीय ऊषा तिवारी अपने एक बेटे के साथ रहतीं हैं उनके पति प्रेम सागर उर्फ लल्लन की पहले ही मौत हो चुकी है दो बेटों और एक बेटी ने का विवाह हो चुका है।
एक बेटा जबलपुर में और दूसरा उनके साथ गांव में रहता है। कल रात गांव में कहीं मानस का कार्यक्रम था उनका बेटा मानस के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात 9 से 10 बजे के बीच जब ऊषा तिवारी घर में अकेली थी तभी अज्ञात आरोपी उनके घर में घुसा।
आशंका जताई जा रही कि चोरी के इरादे से घुसे इस आरोपी को ऊषा तिवारी ने पहचान लिया था संभवतः इसीलिए उसने ऊषा तिवारी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। मृतिका ऊषा तिवारी के हाथ-पैर बंधे हुए थे तथा मुंह में कपड़ा भी ठूंसा गया था।
मृतिका को कुर्सी में बांधकर आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हो गया। रात्रि 10ः30 बजे के बाद मृतिका ऊषा तिवारी का बेटा धार्मिक कार्यक्रम से होकर घर वापस आया तो काफी आवाज देने पर भी सामने का दरवाजा नहीं खुला वह पीछे की तरफ गया तो दरवाजा खुला मिला घर के भीतर आने पर उसने अपनी मां को रस्सियों से बंधा पाया।
तत्काल पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। बाद में स्लीमनाबाद पुलिस को फोन किया गया। सुबह पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है पर हत्यारे का अभी कोई सुराग हासिल नहीं हुआ।

