Site icon Yashbharat.com

Katni : पुलिस के लिए चुनौती बने चोर

chori

कटनी। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद शहर से लेकर गांव-गांव चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुलंद हौंसले वाले चोर रोज पुलिस को खुली चुनौती देते हुए कहीं दिन दहाड़े तो कहीं रात के अंधेरे में वारदातों को अंजाम देने में लगे हुए हैं और चोरी की अधिकांश वारदातों में पुलिस की कार्रवाई केवल और केवल मामला दर्ज करने तक ही सीमित रह गई है। बहरहाल बीते 24 घंटों के दौरान शहर में कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सावरकर वार्ड व माधवनगर थाना अंतर्गत उपनगरीय क्षेत्र लखेरा में दो जगह दिनदहाड़े धावा बोलकर अज्ञात बदमाश नगदी व सोने-चांदी के जेवर सहित लाखों का माल लेकर चंपत हो गए। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लखेरा निवासी अशोक बर्मन की बरगवां में दुकान है। सोमवार सुबह वह दुकान आ गया था और परिवार के सदस्य हाऊसिंग बोर्ड में बन रहे मकान का काम देखने गए थे। अशोक ने बताया कि पड़ोसियों ने उसे फोन पर सूचना दी कि कुछ लड़के उनके घर के पास घूम रहे हैं। इस पर पहले वह घर की चॉबी लेने हाऊसिंग बोर्ड गया और उसके बाद घर पहुंचा। पीड़ित का कहना है कि जब उसने दरवाजा खोला तो सामान फैला पड़ा था। अशेाक ने बताया कि उसने जब घर में प्रवेश किया तभी छत से घर के पीछे रेत के टीले पर कूदकर दो युवक भाग निकले। चोर घर के पीछे से रास्ते से घुसे थे और कमरों का ताला तोड़कर एक सोने का हार, दो जोड़ी चांदी पायल, दो मंगलसूत्र, दो करधन, छह सोने की चूड़ियां सहित लगभग 12 हजार रूपए नकद ले गए। वहीं कोतवाली के सावरकर वार्ड निवासी संतोष जायसवाल के मकान में भी बदमाशों ने धावा बोला और अंदर से नगदी व जेवर लेकर चंपत हो गए। इससे पहले एनकेजे थाना के दुर्गा चौक और छपरवाह में भी चोर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
कैमोर में पुराने तरीके से दो नई वारदातें
उधर कैमोर थाना क्षेत्र का तिलक चौक पुलिस की सुस्ती के कारण एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया है। यहां कुछ दिनों पूर्व पांडे परिवार के यहां मकान की दीवार खोदकर हुई चोरी का पुलिस अभी सुराग भी नहीं लगा पाई थी कि बीतीरात इसी पुराने तरीके को अपना कर बदमाशों ने दो मकानों में और सेंध लगा दी। बताया जाता है कि पांडे परिवार की तरह ही तिलक चौक निवासी बाबूलाल उरमलिया व आशीष श्रीवास्तव के मकान की दीवार पीछे से खोदकर बदमाश घुसे और अंदर से नगदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान लेकर चंपत हो गए। गौरतलब है कि कैमोर थाना भवन से कुछ दूरी पर स्थित तिलक चौक में मकान की दीवार में सेंध लगाकर चोरी की यह तीसरी वारदात है। लगभग माह भर पूर्व यहीं पर पांडे परिवार के यहां भी इसी तरह चोरी की वारदात हुई थी। जिसका सुराग आजतक कैमोर पुलिस ने नहीं लगा सकी है।
कुछ चोरियों का होगा खुलासा
वहीं जिले में बढ़ती चोरी की वारदातों को पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने गंभीरता से लिया है तथा जिले के सभी अधिकारियों व थाना प्रभारियों को चोरी की वारदातों की पतासाजी करते हुए बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक श्री शाक्यवार से निर्देश मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा व नगर पुलिस अधीक्षक एम.पी.प्रजापति शहर में हुई चोरी की वारदातों की पतासाजी गंभीरता से कर रहे हैं। जिसमें पुलिस को कुछ सफलता भी मिली है। बताया जाता है कि स्मैक के नशे में शहर भर में घूम फिरकर दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाने वाले कुछ बदमाश पुलिस के हाथ लगे हैं। जिन्होने हाल ही में घटित कुछ वारदातों को अंजाम देना भी स्वीकार किया है। गिरफ्त में आए बदमाशों के कुछ साथी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। जिनके गिरफ्त में आने के बाद पुलिस चोरी की कुछ वारदातों से पर्दा उठा सकती है।

Exit mobile version