Site icon Yashbharat.com

Katni: अबकी बार निरीक्षकों के बीच तालमेल बैठाकर एसपी ने जारी की तबादला सूची

transfar

कटनी। पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने जिले के बरही, ढीमरखेड़ा व बहोरीबंद के प्रभार में एक बार फिर बदलाव किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी स्थानीय तबादला सूची में निरीक्षक नंद किशोर पांडे को पुलिस लाईन से थाना प्रभारी ढ़ीमरखेड़ा, निरीक्षक रेखा प्रजापति को थाना प्रभारी ढ़ीमरखेड़ा से थाना प्रभारी बहोरीबंद और निरीक्षक राजेश दुबे को थाना प्रभारी बहोरीबंद से थाना प्रभारी बरही बनाया गया है। गौरतलब है कि इसके पूर्व अवैध रेत परिवहन को लेकर महिला सब इंसपेक्टर मिनाक्षी पेंद्रे से हुए विवाद के बाद बरही थाना प्रभारी निरीक्षक नंद किशोर पांडे सहित महिला सब इंसपेक्टर को लाइन अटैच कर दिया गया था। जिसके बाद से बरही थाने के प्रभारी की कुर्सी खाली चल रही थी। जिसको भरने की कोशिश पुलिस अधीक्षक श्री शाक्यवार के द्धारा बीच में की गई और कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह को बरही स्थानांनतरित करते हुए बरही से पुलिस लाइन पहुंचे निरीक्षक नंद किशोर पांडे को कुठला थाना प्रभारी बना दिया था लेकिन तबादले को लेकर न्यायालय से पहले ही स्थगन आदेश ले चुके निरीक्षक विपिन सिंह वहां से नहीं हटे और पुलिस अधीक्षक का यह आदेश हवा में उड़ गया। इसके बाद जब कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय विश्वकर्मा को कटनी से रायसेन तबादला हुआ तो यह अटकलें लगने लगी कि बरही से पुलिस लाइन पहुंचे निरीक्षक नंद किशोर पांडे को कोतवाली की कुर्सी मिल जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ और निरीक्षक विजय कुमार विश्वकर्मा भी अपने तबादले के विरूद्ध न्यायालय से स्थगन आदेश लेकर आए। अब एक बार फिर पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने निरीक्षक नंद किशोर पांडे, रेखा प्रजापति व राजेश दुबे के बीच सामंजस्य बैठाते हुए तबादला सूची जारी की है। अब देखना है कि इस तबादला सूची के बाद सब कुछ ठीकठाक रहता है या नहीं।

Exit mobile version