गजब..! करना था प्रदर्शन, कांग्रेसी ED का दफ्तर ही नहीं खोज पाए
MP में नेशनल हेराल्ड केस में ईडी ED की चार्जशीट में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नाम सामने आए हैं। कांग्रेस इसके विरोध में देशभर में प्रदर्शन कर रही है। इंदौर में इस मामले में कांग्रेस नेताओं की किरकिरी हो गई।
दरअसल कुछ कांग्रेस नेता ईडी के पुराने दफ्तर पहुंच गए, जहां से ऑफिस शिफ्ट कर दिया गया है। इसके बाद आनन-फानन में प्रदर्शन का स्थान बदला गया। इस मामले में भाजपा प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया।
नरेन्द्र सलूजा ने लिखा- इंदौर कांग्रेस ने पहले तो गलत पते पर प्रदर्शन की घोषणा की, जब मजाक बना तो ताबड़तोड़ स्थान परिवर्तित करना पड़ा। स्थान बदलने के बाद भी गफलत जारी रही। दो गुट में बटा प्रदर्शन।
एक गुट बीएसएनएल के कार्यालय पर तो दूसरा जनसंपर्क के गेट पर प्रदर्शन करता रहा। ईडी कार्यालय फिर भी नहीं मिला। इस दौरान दोनों गुट आपस में भिड़ते भी रहे। चिंता ना करें, भ्रष्ट कांग्रेसियों को ईडी का सही पता जल्द ही पता चल जाएगा।
इधर जीतू पटवारी बोले- नेशनल हेराल्ड की संपत्ति की जब्ती लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सरकार के इशारे पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कांग्रेस पार्टी और नेशनल हेराल्ड की 661 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई करना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाकर उसे आर्थिक रूप से कमजोर करना भाजपा की मंशा है।
‘भाजपा के इलेक्टोरल बांड की जांच क्यों नहीं होती’
पहले आयकर विभाग ने कांग्रेस के बैंक खातों को सील किया और अब प्रवर्तन ने संपत्तियों पर हाथ डाला है। कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड केस पांच साल से भी अधिक पुराना है। भाजपा और उससे जुड़ी कंपनियों को मिले हजारों करोड़ रुपये के इलेक्टोरल बांड की जांच क्यों नहीं होती।
ईडी ने अप्रैल 2015 से फरवरी 2025 के बीच वर्तमान व पूर्व सांसदों, विधायकों और नेताओं के अलावा विपक्ष से जुड़े लोगों के खिलाफ 193 मामले दर्ज किए लेकिन तथ्य यह है कि केवल दो मामलों में ही कार्रवाई हुई। इसका आशय साफ है कि पूरी कार्रवाई विपक्षी दलों को बदनाम करने के लिए की जा रही है। देश भी यह समझ चुका है कि ईडी और आयकर भाजपा के राजनीतिक हथियार हैं।

