Guest Teachers: दो अतिथि शिक्षक कर रहे थे राजनीतिक पार्टियों का प्रचार ,फोटो वायरल होने के बाद कार्रवाई
Guest Teachers: दो अतिथि शिक्षक कर रहे थे राजनीतिक पार्टियों का प्रचार ,फोटो वायरल होने के बाद कार्रवाई, आदिवासी विकासखंड केसला के 2 अतिथि शिक्षकों द्वारा राजनीतिक पार्टी के प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार किया जा रहा था। इनके फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी आशा मौर्य ने दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
स्कूल में पढ़ाना छोड़ कर रहे प्रचार
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी आशा मौर्य ने बताया कि दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। शासकीय स्कूल में बच्चों को पढ़ाने का काम छोड़कर केसला विकासखंड में दो अतिथि शिक्षक राजनीतिक पार्टी कांग्रेस, भाजपा के विधायक प्रत्याशी को चुनाव में विजय दिलाने प्रचार कर रहे थे। दोनों शिक्षकों की प्रचार करते हुए फोटो वायरल होने के बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दोनों से जवाब मांगा है। स्कूल का काम छोड़कर दोनों शिक्षक पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव प्रसार में अपनी भागीदारी कर रहे थे।
फोटो वायरल होने के बाद कार्रवाई
इस सबंध में शिक्षा अधिकारी आशा मौर्य ने बताया कि अतिथि शिक्षक दिलीप आरसे शासकीय प्राथमिक शाला मालनखेड़ा एवं अश्वनी धोटे शासकीय प्राथमिक शाला चीचा में अतिथि शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन कुछ दिनों से दोनों शिक्षक राजनीतिक पार्टी कांग्रेस ,भाजपा के विधायक प्रत्याशी को जिताने में समय दे रहे थे। वायरल फोटो में दोनों शिक्षक स्कूल छोड़कर चुनाव प्रचार करते में दिखाई दे रहे है। इंटरनेट मीडिया में फोटो वायरल होने के बाद दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मौर्य ने बताया कि जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर दोनों को सेवाओं से पृथक किया जाएगा। आगे से उन्हें कभी भी स्कूल में अतिथि शिक्षक नहीं रखा जाएगा।