कुठला बस दुर्घटना की वीभत्स तस्वीरें आईं सामने, देखते ही लोगों की रूह कांप उठी,कलेक्टर-एसपी जिला अस्पताल पहुंचे, घायलों का जाना हाल
कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया ब्रिज के समीप हुए भीषण बस हादसे की वीभत्स तस्वीरें सामने आने के बाद पूरे जिले में शोक और चिंता का माहौल है। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। बस के पलटने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही कुठला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए तथा परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस विजयराघवगढ़ की ओर से आ रही थी और इंडस्ट्रियल एरिया ब्रिज के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है तथा मृतकों की पहचान एवं उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।