राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर दो ट्रकों में भीषण भिड़ंत, चालक का हाथ कटकर शरीर से हुआ अलग; जबलपुर रेफर ​विलायत कला ग्राम के समीप हुआ हादसा, बड़वारा पुलिस मामले की जांच में जुटी

राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर दो ट्रकों में भीषण भिड़ंत, चालक का हाथ कटकर शरीर से हुआ अलग; जबलपुर रेफर ​विलायत कला ग्राम के समीप हुआ हादसा, बड़वारा पुलिस मामले की जांच में जुटी

​कटनी। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले विलायत कला ग्राम में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 (NH-43) पर सोमवार को दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रक चालक का हाथ कटकर शरीर से पूरी तरह अलग हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल चालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

​आमने-सामने से टकराए दोनों ट्रक

स्थानीय लोगो से ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक शिवम सिंह निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार उमरिया की तरफ से अपना ट्रक लेकर कटनी की ओर आ रहा था। इसी दौरान विलायत कला ग्राम स्थित पेट्रोल पंप के समीप, कटनी की तरफ से उमरिया की ओर जा रहे एक अन्य तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। दोनों ट्रकों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शिवम सिंह के केबिन में फंस जाने के कारण उसका एक हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया।

​दुर्घटना होते ही मौके पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए मलबे में फंसे लहूलुहान चालक शिवम सिंह को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना, ग्रामीणों ने एक निजी वाहन की व्यवस्था की और घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।

​हालत गंभीर, जबलपुर रेफर

​जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने घायल चालक का प्राथमिक उपचार कर उसकी ब्लीडिंग रोकने का प्रयास किया। हालांकि, अत्यधिक खून बह जाने और हाथ कटने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

​घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version