कटनी पुलिस विभाग में तबादलों के बाद भी कुछ कर्मी जमे, तबादला रुकवाने की चर्चा ते
कटनी। जिले के पुलिस विभाग में लंबे समय से एक ही थाने में पदस्थ आरक्षकों एवं प्रधान आरक्षकों के तबादले हाल ही में पुलिस अधीक्षक अभिनव कुमार विश्वकर्मा द्वारा किए गए हैं। जारी स्थानांतरण सूची में लगभग 87 पुलिस कर्मियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पदस्थ किया गया है।
पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई को विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के बीच संतुलन एवं प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, तबादलों की इस सूची के बाद भी कुछ ऐसे पुलिस कर्मियों के नाम चर्चा में हैं, जो स्थानांतरण की रडार से बाहर रहने में सफल रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, कुछ पुलिस कर्मी अपने तबादले को रुकवाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रहे हैं। विभागीय गलियारों में यह चर्चा भी है कि कई कर्मचारी अपने वर्तमान थानों में बने रहने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन तबादलों को लेकर चर्चाओं का दौर लगातार जारी है।