Corona Live/आज 18 लोगों की जान गई: मुंबई में 24 घंटे के अंदर 8 लोगों ने दम तोड़ा, मध्यप्रदेश में 2 मरीजों की मौत

नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस की वजह से रविवार को 18 लोगों की मौत हुई। महाराष्ट्र के मुंबई में 24 घंटे के अंदर 8 मरीजों ने दम तोड़ दिया। इसी के साथ अकेले मुंबई में मरने वालों की संख्या 30 हो गई है। पुणे में रविवार को तीन संक्रमितों की मौत हुई।

इसके अलावा तमिलनाडु में दो, मध्यप्रदेश में दो, राजस्थान, गुजरात और पंजाब में एक-एक की जान गई। मध्यप्रदेश के इंदौर में भी रविवार को दो मरीजों की जान गई।

यहां मरने वालों की संख्या 9 हो गई है जबकि राज्य में मौत का आंकड़ा 13 पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश में इंदौर के अलावा उज्जैन में दो, छिंदवाड़ा और खरगोन में एक-एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। देश में मरने वालों का आंकड़ा 123 हो गया है। इसके पहले शनिवार को कोरोना से 14 लोगों की मौत हुई थी। इनमें महाराष्ट्र मेंं 6, मध्यप्रदेश में 3 , तमिलनाडु में 2, जबकि गुजरात, राजस्थान और कर्नाटक में एक-एक मौत हुई।

लुधियाना में 70 साल की संक्रमित महिला की मौत

पंजाब के लुधियाना में रविवार को 70 साल की कोरोना संक्रमित महिला की मौत हो गई। महिला 17 मार्च को बस से अपनी भतीजी के पास मोहाली गई थी। महिला को दिल की बीमारी थी। लुधियाना स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं थी।

पुणे में दो महिलाओं समेत तीन की मौत

महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के पुणे में हेल्थ ऑफिसर ने रविवार को बताया कि 69 साल की महिला ने संक्रमण की वजह से दम तोड़ दिया। उसे पथरी की भी बीमारी थी। वहीं, सुबह संक्रमण से दो और लोगों की मौत की खबर आई। शहर के सासून अस्पताल में 52 साल के मरीज ने दम तोड़ दिया। इससे पहले 3 अप्रैल को 60 साल की महिला की इसी अस्पताल लाते वक्त मौत हो गई थी। आज उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

तमिलनाडु: राज्य के चेन्नई में 60 साल के बुजुर्ग और रामनाथपुरा में 71 साल के व्यक्ति की मौत हुई।

राजस्थान: जयपुर में शनिवार देर रात 82 साल के बुजुर्ग की मौत हुई। इन्हें चार मार्च को जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में भर्ती किया गया था। मौत के बाद रविवार सुबह इनकी कोरोना रिपोर्ट आई, जिसमें इन्हें पॉजिटिव पाया गया। गुजरात: सूरत में रविवार को 62 साल की महिला की जान चली गई। उसे दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती किया गया था। जांच में उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

Exit mobile version