पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में जुमे की नमाज के दौरान बड़ा धमाका: कोहाट की मस्जिद में ब्लास्ट, कई नमाजी घायल

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में जुमे की नमाज के दौरान बड़ा धमाका: कोहाट की मस्जिद में ब्लास्ट, कई नमाजी घायल

पेशावर/भोपाल (यश भारत डॉट कॉम )। पाकिस्तान के अशांत उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान कोहाट जिले स्थित एक मस्जिद में अचानक भीषण धमाका हो गया। इस ब्लास्ट में कई नमाजियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। धमाके के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुरानी पुलिस लाइंस के पास स्थित मस्जिद में हादसा

स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह ब्लास्ट खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में पुरानी पुलिस लाइंस के पास स्थित मस्जिद परिसर में हुआ, जब बड़ी संख्या में लोग जुमे की नमाज अदा कर रहे थे। ‘रेस्क्यू 1122’ खैबर पख्तूनख्वा के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि सूचना मिलते ही आपातकालीन टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी

फिलहाल सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। ब्लास्ट किस तरह का था (आत्मघाती हमला या टाइम बम), इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। अभी तक किसी भी आतंकी या उग्रवादी संगठन ने इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी नहीं ली है। गौरतलब है कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिछले कुछ समय से आतंकी हमलों और सुरक्षा बलों व धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में जुमे की नमाज के दौरान बड़ा धमाका: कोहाट की मस्जिद में ब्लास्ट, कई नमाजी घायल

Exit mobile version