Site icon Yashbharat.com

Bhopal Crime News: न्‍यू फेमस जूस कॉर्नर के संचालक पर लगी रासुका

05 03 2021 chicken soup 21432568 1

भोपाल । अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में अस्‍सी फीट रोड पर स्‍थित न्‍यू फेमस जूस कॉर्नर संचालक पर रासुका की कार्रवाई की गई है। एसपी से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इसके आदेश जारी हो चुके हैं। बता दें कि न्यू फेमस रेस्टोरेंट संचालक मोहम्मद साजिद पर पहले ही एफआइआर दर्ज कराई जा चुकी है। रेस्टोरेंट संचालक पर रासुका की कार्रवाई इसलिए की गई है, क्‍योंकि संचालक के पास कोई फूड लायसेंस ही नहीं था। इसके बावजूद उसकी शॉप से एक्सपायरी हो चुका सामान और फफूंद लगी सामग्री बेची जा रही थी।

बता दें कि विगत 19 सितंबर को जिला प्रशासन, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, पुलिस व अन्य विभाग के अफसरों की संयुक्त छापामार कार्रवाई के दौरान अशोका गार्डन स्थित न्यू फेमस जूस कॉर्नर में फफूंद लगी मिठाई, वर्ष 2019 के खराब हो चुके बिस्किट, चिप्स व अन्य सामग्री मिली थी। इतना ही नहीं, जूस बनाने के लिए सड़े हुए फलों का इस्तेमाल इस जूस सेंटर के संचालक द्वारा किया जा रहा था। वहीं व्यवसायिक की जगह घरेलू सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा था। कोल्ड ड्रिंक्‍स की बोतलों में भी फफूंद लगी हुई थी और हर तरफ गंदगी का आलम दिखाई दिया।

एसडीएम मनोज वर्मा के अनुसार रेस्टारेंट के खिलाफ कई बार शिकायतें आ चुकी थीं कि देर रात तक रेस्टारेंट खोला जाता है। वहीं रेस्टारेंट के बाजू में हॉस्पिटल होने के बावजूद अपने मकान की छत पर मोबाइल टावर लगवा चुका है। इसकी कई बार अस्पताल संचालक ने विरोध भी दर्ज करवाया। इतना ही नहीं, कार्रवाई के दौरान काफी अनियमितता और सड़ी-गली चीजें बरामद हुईं। किचन का निरीक्षण करने पर गंदे बर्तन और हर तरफ गंदगी ही दिखाई दी। सभी के सैंपल लेकर इसे लैब में टेस्ट के लिए भेजा गया। खाने की चीजों में जो कलर मिलाया जाता था उसमें ऐसे कैमिकल पाए गए जो कैंसर का कारण बन सकते हैं। इन सभी गंभीर अनियमितताओं के चलते रासुका की कार्रवाई की गई है।

Exit mobile version