महिला कि ट्रेन छूटने पर रीठी क्षेत्र में महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश जारी

महिला कि ट्रेन छूटने पर रीठी क्षेत्र में महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश जार

 

कटनी। रीठी थाना पुलिस ने एक माह पुराने सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रीठी थाना क्षेत्र के जमुनिया निवासी दिनेश चौधरी के रूप में हुई है। मामले में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 14 जून 2026 को मानसिक रूप से अस्वस्थ एक महिला अपने बच्चों के साथ निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ जाने के लिए हीराकुंड एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थी। रात करीब 9:45 बजे मुड़वारा (कटनी) स्टेशन पर पानी लेने के लिए उतरने के दौरान ट्रेन छूट गई। आरोप है कि स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति ने मंदिर दर्शन कराने का झांसा देकर महिला को ई-रिक्शा में बैठाया और रीठी रोड स्थित पांसरा स्टेशन के पास जंगल में ले गया, जहां ऑटो चालक और उसके साथी ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

अगले दिन डायल-112 की सूचना पर रीठी पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला सड़क किनारे मिली। उसे उपचार के लिए रीठी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सकी। बाद में उसके भाई को बुलाकर महिला को दिल्ली ले जाया गया।

दिल्ली में उपचार के बाद जब महिला की मानसिक स्थिति सामान्य हुई, तब उसने अपने भाई को पूरी घटना बताई। इसके आधार पर दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग थाना में मामला दर्ज किया गया और केस डायरी कटनी पुलिस को भेजी गई। इसके बाद रीठी थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

करीब एक माह पुराने इस मामले में आरोपी अज्ञात होने के कारण पुलिस के सामने बड़ी चुनौती थी। जांच के दौरान पुलिस ने जिले के लगभग 800 से 900 ऑटो चालकों की जांच-पड़ताल की। तकनीकी साक्ष्यों और महिला द्वारा बताए गए विवरण के आधार पर पुलिस का संदेह जमुनिया निवासी ऑटो चालक दिनेश चौधरी पर गया। पूछताछ और तकनीकी जांच में उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ऑटो क्रमांक MP 21 ZJ 6903 भी जब्त किया है।

पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है, ताकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की विस्तृत जांच की जा सके।

इस कार्रवाई में रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा साइबर सेल के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version