युवा बनें अवसरों के निर्माता, स्वावलंबन की राह पर बढ़ाएं कदम,दिल्ली पब्लिक स्कूल में उद्यमिता सम्मेलन, 300 विद्यार्थियों ने लिया सहभागिता

युवा बनें अवसरों के निर्माता, स्वावलंबन की राह पर बढ़ाएं कदम,दिल्ली पब्लिक स्कूल में उद्यमिता सम्मेलन, 300 विद्यार्थियों ने लिया सहभागित

कटनी। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के उद्यमिता प्रोत्साहन प्रकल्प के अंतर्गत दिल्ली पब्लिक स्कूल, कटनी में उद्यमिता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विद्यालय के करीब 300 विद्यार्थियों ने सहभागिता कर स्वावलंबन, उद्यमिता और व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच की प्रांत सह महिला कार्य प्रमुख वंदना गेलानी ने स्वावलंबी भारत अभियान एवं उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और कौशल को पहचानकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रोल मॉडल एथलीट नेहा मोटवानी, रोल मॉडल एवं इन्फ्लुएंसर दीपक कुशवाहा तथा सफल उद्यमी संदेश जैन ने विद्यार्थियों से अपने जीवन के संघर्ष, अनुभव और उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास को सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर बालमुकुंद मिश्र ने युवाओं की ऊर्जा एवं प्रतिभा को स्वरोजगार से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी क्षमताओं को पहचानकर न केवल स्वयं के लिए अवसर तैयार कर सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।

आनंद विभाग, मध्य प्रदेश शासन के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर अनिल कांबले ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति का संदेश दिया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम संयोजक विकास जैन ने स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उद्यमिता के अवसरों की जानकारी दी। संचालन अंकित शुक्ला ने किया तथा विद्यार्थियों को स्वावलंबन एवं सकारात्मक जीवनशैली का संकल्प दिलाया। सहसंयोजिका नीति वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने विद्यालय की प्राचार्य सीमा दुबे एवं वाइस प्रिंसिपल शबनम अख्तर सहित विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version