नशे के खिलाफ 15 दिवसीय अभियान का समापन, विजेताओं व सहयोगी संस्थाओं का हुआ सम्मान कटनी पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए हजारों युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ


नशे के खिलाफ 15 दिवसीय अभियान का समापन, विजेताओं व सहयोगी संस्थाओं का हुआ सम्मान

कटनी पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए हजारों युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शप

कटनी। प्रदेश सरकार के “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान का गुरुवार को कटनी में सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सफल समापन हुआ। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उत्कृष्ट प्रतिभागियों तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाली संस्थाओं और स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया।

15 से 30 जुलाई तक चले इस अभियान का संचालन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार तथा पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में किया गया। कटनी जिले में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के दौरान स्कूलों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों, औद्योगिक इकाइयों, कॉलोनियों, बस्तियों, प्रमुख बाजारों, मॉल, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों, खेल मैदानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हजारों विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ भी दिलाई गई।

रचनात्मक प्रतियोगिताओं से दिया जागरूकता का संदेश

अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली, मैराथन, नुक्कड़ सभाएं, खेल प्रतियोगिताएं, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में संवाद कार्यक्रम, पोस्टर, चित्रकला, निबंध, स्लोगन, रंगोली, शॉर्ट फिल्म और रील्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

इन प्रतिभागियों को मिला सम्मान

निबंध प्रतियोगिता में आशी साहू, माही लोधी एवं जतिन तिवारी को सम्मानित किया गया।

पोस्टर प्रतियोगिता में वर्षा कुमारी, आयुष साहू, आराध्या चौधरी, ऋतिक दहिया एवं अनमोल पांडे को पुरस्कार प्रदान किए गए।

चित्रकला प्रतियोगिता में ईशा जाटव, सोनम यादव, माही पटेल एवं आराधना यादव को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता के विजेता

बालिका जूनियर वर्ग में केंद्रीय विद्यालय ने प्रथम एवं बार्डस्ले इंग्लिश मीडियम स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

बालक जूनियर वर्ग में केंद्रीय विद्यालय ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कटनी प्रथम तथा कटनी यूनियन स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा।

बालक सीनियर वर्ग में ग्राम छहरी स्कूल ने प्रथम एवं शासकीय तिलक महाविद्यालय ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को ट्रॉफी, पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवकों को भी प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए इस तरह के जनजागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Exit mobile version