आपदा मित्रों को अग्नि सुरक्षा एवं बचाव का दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण,डीएफओ कार्यालय परिसर में अग्निशमन विभाग ने फायर एक्सटिंग्विशर, होज पाइप संचालन और राहत-बचाव की तकनीकों का कराया प्रदर्शन
आपदा मित्रों को अग्नि सुरक्षा एवं बचाव का दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण,डीएफओ कार्यालय परिसर में अग्निशमन विभाग ने फायर एक्सटिंग्विशर, होज पाइप संचालन और राहत-बचाव की तकनीकों का कराया प्रदर्श
कटनी। जिले में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित आपदा मित्र योजना के तहत बुधवार को वन विभाग के डीएफओ कार्यालय परिसर में अग्नि सुरक्षा एवं बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, कटनी एवं अग्निशमन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को आग लगने की विभिन्न परिस्थितियों में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी राहत-बचाव कार्यों की जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि अग्निकांड की स्थिति में घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, घटनास्थल पर बचाव कार्य संचालित करने तथा जन-धन की हानि को न्यूनतम रखने के लिए किन-किन सावधानियों का पालन करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में फायर एक्सटिंग्विशर एवं होज पाइप के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग का व्यवहारिक प्रदर्शन भी किया गया। प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आग के अनुसार उपयुक्त अग्निशमन उपकरणों के चयन, संचालन और उपयोग की विधि विस्तार से समझाई गई, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में वे त्वरित एवं दक्षतापूर्वक कार्य कर सकें।
प्रशिक्षकों ने अग्नि सुरक्षा के मानकों, प्राथमिक प्रतिक्रिया (फर्स्ट रिस्पॉन्स), व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों तथा आपदा के दौरान समन्वित कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों से वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास कराकर राहत एवं बचाव कार्यों की व्यावहारिक बारीकियों से भी अवगत कराया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आपदा मित्रों को व्यवहारिक एवं तकनीकी रूप से दक्ष बनाना था, ताकि किसी भी अग्नि दुर्घटना या आपात स्थिति में वे प्रभावी, सुरक्षित और त्वरित राहत एवं बचाव कार्य कर सकें। प्रशिक्षणार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अभ्यास में भाग लेकर आवश्यक तकनीकी जानकारियां प्राप्त कीं।