आपदा से निपटने प्रशासन की तैयारियों का हुआ परीक्षण, रैन बसेरा में मॉक ड्रिल,सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का किया गया पूर्वाभ्यास, अग्निशमन, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीम ने दिखाया बचाव अभियान

Picsart 26 11 17 21 46 58 612

 

आपदा से निपटने प्रशासन की तैयारियों का हुआ परीक्षण, रैन बसेरा में मॉक ड्रिल,सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का किया गया पूर्वाभ्यास, अग्निशमन, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीम ने दिखाया बचाव अभिया

बरही, विजयराघवगढ़ और कैमोर के अग्निशमन दलों को दिया गया फायर सेफ्टी एवं राहत-बचाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण

कटनी। आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियों को परखने तथा विभिन्न बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा एवं ऑडिटोरियम परिसर में वृहद मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन एवं नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार के मार्गदर्शन में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस अभ्यास में अग्निशमन दल, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।

मॉक ड्रिल के दौरान रैन बसेरा भवन के ऊपरी हिस्से में आग लगने की काल्पनिक स्थिति निर्मित की गई। इसकी सूचना कंट्रोल रूम को मिलते ही नगर निगम का अग्निशमन अमला, एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की टीमें आवश्यक संसाधनों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। टीमों ने आपसी समन्वय के साथ आग पर काबू पाने और भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान सात प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए पहुंचाने का पूर्वाभ्यास किया गया।

बचाव दल ने रैन बसेरा भवन के पिछले हिस्से से प्रभावित व्यक्तियों को स्ट्रेचर की सहायता से सीढ़ियों के रास्ते बाहर निकाला और ऑडिटोरियम तक पहुंचाया। यहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। अभ्यास के दौरान आपातकालीन निकासी, बचाव उपकरणों के उपयोग, सूचना संप्रेषण और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया गया।

इसे भी पढ़ें-  कांग्रेसजनों ने बरगवां स्कूल में बच्चों के साथ मनाया बाल दिवस, केक काटकर और टॉफियां वितरित कर बांटी खुशियां

अग्नि सुरक्षा के उपायों का दिया प्रशिक्षण

मॉक ड्रिल के साथ ही नगर परिषद बरही, विजयराघवगढ़ एवं कैमोर के अग्निशमन दलों तथा उपस्थित लोगों को फायर सेफ्टी का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। नगर निगम के अग्निशमन दल ने विद्युत शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव एवं अन्य कारणों से आग लगने की परिस्थितियों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आगजनी या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय सतर्कता, संयम और त्वरित निर्णय लेना बेहद जरूरी है। समय पर सही कदम उठाकर जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।

नियमित मॉक ड्रिल से मजबूत होगी व्यवस्था

अधिकारियों के अनुसार इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों की कार्यक्षमता, उपलब्ध संसाधनों और आपसी तालमेल का वास्तविक आकलन करना था, ताकि किसी भी आकस्मिक घटना के समय बिना विलंब प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें। नगर निगम प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल आयोजित किए जाएंगे।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड राजेंद्र सिंह बघेल, प्लाटून कमांडर विजयांश चौधरी, नगर निगम फायर प्रभारी एवं सहायक यंत्री मृदुल श्रीवास्तव, फायर इंचार्ज शैलेन्द्र दुबे, एनसीसी कर्नल एस. राज वलयू, गुरप्रीत सिंह, एसडीआरएफ की संयुक्त टीम, एएसआई मुन्नालाल विश्वकर्मा, नगर परिषद बरही, विजयराघवगढ़ एवं कैमोर के अग्निशमन दल, सिविल डिफेंस के आपदा मित्र, एनसीसी 72 बटालियन के कैडेट्स तथा नगर निगम का अग्निशमन अमला मौजूद रहा।