‘अमित शाह के महाराष्ट्र आते ही उद्धव ठाकरे को आ जाता है बुखार’, चंद्रशेखर बावनकुले का बड़ा हमला; अमिताभ बच्चन की सुरक्षा पर भी दिया बयान

अमित शाह ने जारी किया ऐसा आदेश, हर छिपे पाकिस्तानी को आना पड़ेगा बाहर

‘अमित शाह के महाराष्ट्र आते ही उद्धव ठाकरे को आ जाता है बुखार’, चंद्रशेखर बावनकुले का बड़ा हमला; अमिताभ बच्चन की सुरक्षा पर भी दिया बयान

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) नेता रोहित पवार के आरोपों पर भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने तीखा पलटवार किया है। बावनकुले ने उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जब भी महाराष्ट्र दौरे पर आते हैं, तो उद्धव ठाकरे को बुखार आ जाता है।

‘उद्धव की रातों की नींद उड़ जाती है’

उद्धव ठाकरे के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, “अमित शाह जब भी महाराष्ट्र आते हैं, उद्धव ठाकरे की रात की नींद उड़ जाती है और उनकी साइकोलॉजी बदल जाती है। वे बुरी तरह बौखला जाते हैं, इसलिए भाजपा और अमित शाह पर अनाप-शनाप आरोप लगाते हैं। यह अब उनकी आदत बन चुकी है।”

कहां से शुरू हुआ पूरा विवाद?

दरअसल, पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा था कि कोविड-19 महामारी के कठिन समय में अजित पवार तो उनके संपर्क में थे, लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे फोन तक नहीं उठाते थे। इसके जवाब में उद्धव ठाकरे ने अमित शाह पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और उन्हें चुनौती देते हुए मणिपुर तथा अरुणाचल प्रदेश का दौरा करने की सलाह दी थी।

‘विरासत भूल गए हैं उद्धव और रोहित पवार’

रोहित पवार के आरोपों पर भी बावनकुले ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि रोहित पवार अपने दादा शरद पवार की और उद्धव ठाकरे अपने पिता बालासाहेब ठाकरे की राजनीतिक व सांस्कृतिक विरासत को भूल चुके हैं। बावनकुले ने आगे कहा:

  • महाराष्ट्र की राजनीति का कभी यह स्तर नहीं रहा कि इतने निचले स्तर पर जाकर बेबुनियाद आरोप लगाए जाएं।

  • शरद पवार ने भी अपने लंबे राजनीतिक जीवन में कभी इस तरह के आरोप नहीं लगाए।

  • रोहित पवार केवल सस्ती पब्लिसिटी पाने के लिए ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं। शरद पवार की पार्टी को इस पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें-  Train Number Changed: जनवरी 2027 से बदल जाएंगे 12 जोड़ी ट्रेनों के नंबर, देखें 24 ट्रेनों की पूरी लिस्ट

‘ऑपरेशन टाइगर’ पर क्या बोले बावनकुले?

राजनीतिक गलियारों में चल रहे ‘ऑपरेशन टाइगर’ के सवाल पर बावनकुले ने कहा कि यदि एनडीए (NDA) के साथ कोई नए लोग जुड़ते हैं, तो इससे गठबंधन और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि जब एनडीए मजबूत होगा, तो देश भी मजबूत होगा और विकास की गति और तेज होगी। लोग विकास के एजेंडे से प्रभावित होकर हमारे साथ जुड़ना चाहते हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है।

अमिताभ बच्चन की सुरक्षा पर दिया आश्वासन

मेगास्टार अमिताभ बच्चन को मिली धमकी के मामले पर बावनकुले ने राज्य की कानून-व्यवस्था का बचाव किया। उन्होंने कहा कि राज्य के गृह मंत्री और मुंबई पुलिस महाराष्ट्र की सुरक्षा संभालने में पूरी तरह सक्षम हैं। अमिताभ बच्चन हों या कोई अन्य सेलिब्रिटी, कोई उनका बाल भी बांका नहीं कर सकता। न कोई उनके घर के आसपास फटक सकता है और न ही उनकी सुरक्षा में सेंध लगा सकता है। मुंबई पुलिस हर तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।