कटाएघाट में रिवर फ्रंट योजना के प्रगतिरत कार्यों का निगमायुक्त ने किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश,1 जनवरी से पूर्व सभी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा तय,कटाएघाट मेला आयोजन की व्यवस्थाओं को समय रहते करें पूर्ण : निगमायुक्त
कटनी। शहर की प्राकृतिक धरोहर कटाएघाट को नागरिकों के लिए मनोरंजन, पर्यटन एवं बेहतर स्वास्थ्य गतिविधियों के आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में नगर निगम प्रशासन द्वारा रिवर फ्रंट योजना के तहत नदी किनारे लगभग 4.80 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेने निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार प्रातः कटाएघाट पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों की अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी शेष कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि नववर्ष पर नागरिकों को विकसित रिवर फ्रंट की सौगात मिल सके।
घाट निर्माण से लेकर ग्रीन एरिया तक होगा आकर्षक विकास
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने नदी किनारे निर्माणाधीन घाट, रेलिंग, सुलभ कॉम्प्लेक्स की ओर पिचिंग कार्य, रिटेनिंग वॉल, रैंप, नाली निर्माण एवं पौधारोपण सहित अन्य कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने शेष निर्माण कार्यों में तेजी लाने, रेलिंग एवं दीवारों पर आकर्षक रंग-रोगन कराने, खुली नालियों को ढकने तथा पिचिंग का शेष कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
ग्रीन एरिया के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के फूलदार पौधों का रोपण कराने, रोज गार्डन में पौधों की संख्या बढ़ाकर उसे और आकर्षक स्वरूप देने तथा हरी घास की नियमित सिंचाई के लिए स्प्रिंकलर व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाईमास्ट एवं रिंग लाइट लगाने तथा क्यारियों में पौधों के मध्य आकर्षक लैंप स्थापित कराने के निर्देश भी दिए, ताकि रिवर फ्रंट का सौंदर्य रात्रि के समय भी निखर सके।
भगवान शिव की प्रतिमा और फाउंटेन से निखरेगी कटाएघाट की प्राकृतिक सुंदरता
कटाएघाट को एक आकर्षक पर्यटन एवं नागरिक भ्रमण स्थल के रूप में विकसित करने की परिकल्पना के तहत निगमायुक्त ने घाट पहुंच मार्ग पर निर्मित मंच के समीप प्राकृतिक छटा से परिपूर्ण चट्टान पर भगवान शिव की आकर्षक प्रतिमा स्थापित करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थल पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, फाउंटेन, पाथ-वे निर्माण एवं पौधारोपण कराने के साथ नागरिकों के लिए बेहतर बैठक व्यवस्था विकसित करने तथा रिक्त स्थल को व्यवस्थित एवं आकर्षक सेल्फी प्वाइंट के रूप में तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान घाट पहुंच मार्ग के प्रवेश द्वार को व्यवस्थित करने तथा रजक नर्सरी के सामने मार्ग के दूसरी ओर स्थित रिक्त भूमि की फिलिंग कराकर बाउंड्रीवॉल एवं फेंसिंग से सुरक्षित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवागमन के लिए छोटा गेट स्थापित कराने को कहा। निगमायुक्त ने सुरम्य पार्क के समीप निर्माणाधीन सुलभ कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा पार्क की बाहरी दीवार पर आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश भी दिए।
कटाएघाट मेले की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
निगम प्रशासन द्वारा कार्तिक पूर्णिमा से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कटाएघाट मेले के सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों को लेकर निगमायुक्त ने मेला स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, दुकान एवं झूला स्थल तथा प्रवेश मार्गों का जायजा लेकर अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने मेले में आकर्षक साज-सज्जा कराने, पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ बनाने, मेला स्थल एवं पहुंच मार्गों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा मंच के सामने के स्थल को समतल कराने सभी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि कटाएघाट के समुचित विकास एवं सौंदर्यीकरण के सभी शेष कार्यों को आपसी समन्वय से गति प्रदान करते हुए शीघ्र पूर्ण कराएं, ताकि नागरिकों को प्राकृतिक सौंदर्य, हरित वातावरण एवं आधुनिक नागरिक सुविधाओं से युक्त एक आकर्षक पर्यटन स्थल की सौगात मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त शैलेष गुप्ता, सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन, श्रीमती मोना करेरा, उपयंत्री हिमांशु गौतम, उद्यान पर्यवेक्षक अजगरिया सहित निर्माण एजेंसी के ठेकेदार उपस्थित रहे।













