Telangana Viral News: जिस सांप से कांपती है दुनिया, उसे ही गटक गया यह ‘बाहुबली’ मेंढक; हैरान कर देगा यह वीडियो
भद्राद्री कोठागुडेम (तेलंगाना)। कुदरत के नियम बड़े अजीब हैं, लेकिन कभी-कभी ऐसे नजारे देखने को मिल जाते हैं जो आंखों पर यकीन करना मुश्किल कर देते हैं। आमतौर पर जहरीले कोबरा का नाम सुनते ही बड़े-बड़े जीवों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो जाती है और मेंढक तो उसका सबसे आसान शिकार होता है। लेकिन तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में बाजी पूरी तरह पलट गई। यहाँ एक विशालकाय ‘बाहुबली’ मेंढक ने न सिर्फ कोबरा पर हमला किया, बल्कि उसे जिंदा ही निगल लिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
जिले के बुरगाम्पाडु (Burgampadu) इलाके में घटी इस हैरतअंगेज घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
आंगन में हुई तेज आवाज, बाहर आकर देखा तो उड़ गए होश
जानकारी के मुताबिक, बुरगाम्पाडु निवासी गुंडे सरय्या के घर के आंगन में अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य यह देखने के लिए बाहर निकले कि आखिर माजरा क्या है। जब वे आंगन में बने नाले के पास पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि एक बड़े आकार के मेंढक ने एक कोबरा सांप को अपने मुंह में दबोच रखा है और उसे निगल रहा है।
ग्रामीणों ने मोबाइल में कैद किया दुर्लभ दृश्य
परिवार के सदस्य इस दृश्य को देखकर एक तरफ जहां सहम गए, वहीं दूसरी तरफ अचंभित भी रह गए। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मेंढक को कोबरा निगलते देख हर कोई दंग रह गया। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने इस दुर्लभ प्राकृतिक घटना को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मेंढक ने सांप को मुंह में भर रखा है और धीरे-धीरे निगलने की कोशिश कर रहा है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
हालांकि, वन्यजीव विशेषज्ञों और पुरानी घटनाओं पर नजर डालें तो मेंढक द्वारा सांप को शिकार बनाने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी देश-दुनिया से ऐसे कई मामले और वीडियो सामने आ चुके हैं, जब बड़े आकार के मेंढकों (जैसे बुलफ्रॉग) ने अपनी भूख मिटाने के लिए छोटे या मध्यम आकार के सांपों को अपना निवाला बना लिया।
सांप की ‘हेकड़ी’ निकल गई! जब शिकारी पर ही भारी पड़ गया मेंढक, कोबरा को निगलने का वीडियो देख लोग बोले- ‘ये क्या देख लिया’














