ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा के रिश्ते में आई दरार? एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर किया अनफॉलो, मां के क्रिप्टिक नोट ने बढ़ाई हलचल
मुंबई। टीवी जगत के चर्चित सितारे ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार गर्म है। ‘बिग बॉस 18’ से शुरू हुई दोनों की दोस्ती और हाल ही में टीवी शो ‘पति पत्नी और पंगा 2’ में साथ नजर आने के बाद उनके डेटिंग की अफवाहें तेज हो गई थीं। लेकिन इसी बीच ईशा सिंह ने एक चौंकाने वाला कदम उठाते हुए अविनाश मिश्रा को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है, जिससे फैंस के बीच कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा के रिश्ते में आई दरार? एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर किया अनफॉलो, मां के क्रिप्टिक नोट ने बढ़ाई हलचल
ईशा की मां के क्रिप्टिक नोट ने हवा दी
ईशा सिंह ने अविनाश को अनफॉलो करने की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है और न ही अविनाश की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया आई है। हालांकि, इस मामले में तब नया मोड़ आ गया जब ईशा की मां ने इंस्टाग्राम पर एक रहस्यमयी (क्रिप्टिक) नोट साझा किया। नोट में लिखा गया है, “समय हर व्यक्ति को उसके कर्मों का दर्पण दिखाता है… किसी भी व्यक्ति से खुद को प्रभावित न होने दें, सही तरीका यही है कि शांत रहें और अपने रास्ते पर चलें… वैसे भी, उत्तर इंसान नहीं, समय देता है।” हालांकि इस पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन फैंस इसे मौजूदा विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।
रेडिट पर वायरल हो रहे ‘बेवफाई’ से जुड़े पोस्ट
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट (Reddit) पर भी यूजर्स तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कई यूजर्स ने बेवफाई और धोखे से जुड़े संदेशों वाली रील्स शेयर कर अटकलों को और हवा दे दी है। इनमें से एक वायरल संदेश में धोखे के एहसास और सामने वाले के सामान्य बर्ताव को लेकर गहरी बातें लिखी गई हैं, जिससे दोनों के बीच मनमुटाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हाल ही में सक्सेस पार्टी में किया था प्यार का इजहार
गौरतलब है कि ईशा और अविनाश हमेशा से अपने रिश्ते को सिर्फ ‘अच्छी दोस्ती’ बताते आए हैं। हालांकि, हाल ही में अविनाश मिश्रा द्वारा ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की ट्रॉफी जीतने की खुशी में रखी गई सक्सेस पार्टी का एक वीडियो खूब वायरल हुआ था। इस पार्टी में अविनाश ने ईशा के प्रति आभार जताते हुए कहा था कि वह खुशनसीब हैं कि ईशा उनकी जिंदगी में हैं। जब ईशा ने उनसे कुछ और कहने को कहा, तो अविनाश ने ‘आई लव यू, बेबी’ कहा था, जिसके जवाब में ईशा ने भी ‘आई लव यू टू’ कहा था। इसके अलावा ‘पति पत्नी और पंगा 2’ में भी दोनों की केमिस्ट्री चर्चा में रही थी। फिलहाल, कुछ ही दिनों पहले तक एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होने वाले इस जोड़े के बीच अचानक आई इस दूरी की असली वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है।












