महापौर की समझाइश पर पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी ने वापस लिया इस्तीफा,महापौर के नेतृत्व में एकजुट हुआ भाजपा पार्षद परिवार, वार्ड के विकास कार्यों को लेकर बनी सहमत
कटनी। इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक-5 के भाजपा पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी द्वारा सदन में दिए गए इस्तीफे को लेकर चल रहा गतिरोध महापौर के प्रयासों से समाप्त हो गया। महापौर ने भाजपा पार्षदों एवं वार्ड के स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में बल्ली सोनी से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद उन्होंने अपना इस्तीफा वापस लेने की घोषणा की और वार्ड सहित पूरे शहर के विकास में सहयोग का भरोसा दिलाया।
दरअसल, वार्ड में अपेक्षानुसार विकास कार्य नहीं हो पाने से नाराज होकर पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी ने सदन में इस्तीफा दे दिया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने उनसे चर्चा की। उन्होंने कहा कि वार्ड में पिछले 15 वर्षों तक विकास कार्य प्रभावित रहने का एक प्रमुख कारण अवैध कॉलोनियों की समस्या रही है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने अवैध कॉलोनियों को वैध करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया, जिसके बाद विकास कार्यों का रास्ता खुला है।
महापौर ने कहा कि वे पूरे शहर की महापौर हैं और प्रत्येक वार्ड के विकास एवं पार्षदों की अपेक्षाओं का ध्यान रखना उनकी जिम्मेदारी है। इंदिरा गांधी वार्ड में अब तक लगभग पांच करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। शेष कार्य भी प्राथमिकता से कराए जाएंगे। उन्होंने बल्ली सोनी को भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ हैं और धैर्य रखते हुए भाजपा एवं संगठन पर विश्वास बनाए रखें। विकास की लड़ाई में मैदान छोड़ने के बजाय मिलकर समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए।
महापौर ने कहा कि भाजपा एक परिवार है और विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। परिवार में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए। सभी को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।
महापौर की समझाइश और आश्वासन के बाद ओमप्रकाश बल्ली सोनी ने अपना इस्तीफा वापस लेते हुए उनके नेतृत्व पर विश्वास जताया। उन्होंने वार्ड और पूरे कटनी के विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर महापौर भाजपा पार्षद साथियों के साथ बल्ली सोनी के निवास पर भी पहुंचीं और उनकी माताजी का कुशलक्षेम जाना।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री एवं पार्षद सुखदेव चौधरी, एमआईसी सदस्य सुभाष शिब्बू साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, जयनारायण निषाद, ओमेंद्र अहिरवार, पार्षद श्याम पंजवानी, वंदना राजकिशोर यादव, रेखा संजय तिवारी, शकुंतला सोनी, भट्टू यादव, सुनीता कमलेश चौधरी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद जीवन चौधरी, राजू माखीजा, डब्बू रजक सहित वार्ड के स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।













