Morena News: उच्च शिक्षा में मुरैना रचेगा नया इतिहास, मेडिकल, आयुर्वेद और हॉर्टिकल्चर कॉलेज वाला बनेगा प्रदेश का दूसरा जिला
मुरैना। दशकों तक उच्च शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़े रहे चंबल अंचल की तस्वीर अब तेजी से बदल रही है। मुरैना जिला अब उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई इबारत लिखने जा रहा है। मंदसौर के बाद मुरैना मध्य प्रदेश का दूसरा ऐसा जिला होगा, जहां मेडिकल, आयुर्वेद और हॉर्टिकल्चर (उद्यानिकी) — ये तीनों प्रमुख कॉलेज एक साथ संचालित होंगे।
चंबल अंचल के छात्रों का रुकेगा पलायन
मुरैना में इन तीनों उच्च शिक्षण संस्थानों के खुलने से पूरे चंबल संभाग, विशेषकर मुरैना से लेकर भिंड तक के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को बड़े महानगरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
घर के पास ही मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं
अब तक आयुर्वेद, कृषि और उद्यानिकी (हॉर्टिकल्चर) की उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अंचल के युवा इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे शहरों पर निर्भर थे। लेकिन अब इन तीनों संस्थानों के शुरू होने से युवाओं को अपने ही जिले मुरैना में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।












