गोल बाजार में ड्रग विभाग की बड़ी कार्रवाई, सवा लाख की प्रतिबंधित पाकिस्तानी ‘गोरी’ और ‘चांदनी’ क्रीम जब्त
रायपुर। राजधानी के बाजारों में रातों-रात रंग निखारने के भ्रामक दावों के साथ प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम बेचकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (ड्रग विभाग) की टीम ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र गोल बाजार में छापेमारी कर इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान ‘ओम ब्यूटी सेंटर’ नामक दुकान से ‘मेड इन पाकिस्तान’ लेबल वाली 236 क्रीम जब्त की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.25 लाख रुपये आंकी गई है।
218 ‘गोरी’ और 18 ‘चांदनी’ क्रीम के डिब्बे बरामद
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, गोल बाजार में अवैध रूप से पाकिस्तानी सौंदर्य प्रसाधन बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने संबंधित प्रतिष्ठान में दबिश दी, जहां से 218 डिब्बे ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ और 18 डिब्बे ‘चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम’ बरामद हुए। पैकेजिंग की जांच में इनके पाकिस्तान में निर्मित होने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने मौके से क्रीम के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
प्रतिबंध के बावजूद सप्लाई चेन पर उठे गंभीर सवाल
केंद्र सरकार ने 2 मई 2025 को अधिसूचना जारी कर पाकिस्तान से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आने वाले सभी उत्पादों के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बावजूद रायपुर के बाजारों में 300 से 550 रुपये की कीमत पर इन क्रीमों की खुलेआम बिक्री ने निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुछ स्थानीय कारोबारी थोक में 300 से 500 पीस का ऑर्डर लेकर चोरी-छिपे इसकी सप्लाई कर रहे थे। जिन दुकानों पर यह क्रीम उपलब्ध नहीं है, वहां इसके विकल्प के तौर पर सात दिन में गोरा करने का दावा करने वाले अन्य संदिग्ध उत्पाद खपाए जा रहे हैं। ड्रग विभाग अब इस पूरे सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचने के लिए सप्लाई चेन की पड़ताल कर रहा है। गोल बाजार में ड्रग विभाग की बड़ी कार्रवाई, सवा लाख की प्रतिबंधित पाकिस्तानी ‘गोरी’ और ‘चांदनी’ क्रीम जब्त
केंद्रीय एजेंसी जारी कर चुकी है देशव्यापी अलर्ट
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने 8 सितंबर 2026 को ही देशव्यापी अलर्ट जारी कर ‘गोरी’ और ‘चांदनी’ क्रीम की बिक्री को भारत में पूरी तरह अनधिकृत घोषित किया था। इससे पहले न्यूजीलैंड की दवा नियामक संस्था ‘मेडसेफ’ और महाराष्ट्र एफडीए (FDA) की जांच में भी गोरी क्रीम के नमूनों में पारा (मरकरी) और सीसा (लेड) जैसे घातक भारी धातुओं की मात्रा तय मानक से कई गुना अधिक पाई गई थी।
किडनी और नर्वस सिस्टम को सीधा नुकसान
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की अनधिकृत और मिलावटी क्रीम में मरकरी (पारा) की मात्रा सुरक्षित सीमा से कहीं अधिक होती है। त्वचा के माध्यम से शरीर में प्रवेश करने वाला यह जहर सीधे किडनी को क्षतिग्रस्त करता है। इसके अलावा, इसका नर्वस सिस्टम पर भी अत्यंत घातक असर पड़ता है, जिससे गंभीर न्यूरोलॉजिकल विकार और पैरालिसिस (लकवा) होने का खतरा भी रहता है।











