नागरिकों की समस्याएं सुन अधिकारियों को मौके पर किया तलब,निगम की जनसुनवाई में महापौर ने आवेदनों पर समय-सीमा तय करने अधिकारियों को दिए निर्दे
कटनी। नगर निगम में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों पर सुनवाई हुई। महापौर प्रीति संजीव सूरी ने नागरिकों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर तलब कर समस्या के निराकरण की स्थिति पूछी। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि शिकायत का समाधान कब तक किया जाएगा। महापौर ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण कराया जाएगा।
जनसुनवाई के दौरान वार्ड क्रमांक 3 के युवाओं द्वारा मार्ग से संबंधित विषय महापौर के समक्ष रखा गया तथा आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही साफ-सफाई, आवास, पेंशन एवं अतिक्रमण से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आवेदनों पर कार्रवाई के साथ जवाबदेही तय करने पर फ़ोकस
नगर निगम की जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की स्थानीय समस्याओं को सीधे सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनका निराकरण कराना है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लें और प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।साथ ही जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर समस्या का निरीक्षण करें और आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी भी दें। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर जनसुनवाई में पहुंचते हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान निगम की सभी शाखाओं के अधिकारी, कर्मचारी एवं आवेदकों की उपस्थिति रही।












