लूटकांड का खुलासा: रंगनाथनगर पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा, बुलेट, एम्बुलेंस व नगदी बरामद
लूटकांड का खुलासा: रंगनाथनगर पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा, बुलेट, एम्बुलेंस व नगदी बराम
कटनी। थाना रंगनाथनगर पुलिस ने लूट और मारपीट के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, एक एम्बुलेंस तथा लूटी गई नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार फरियादी राजेन्द्र कोल, निवासी मदन मोहन चौबे वार्ड, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पुराने विवाद के चलते बच्चू उर्फ चन्द्रप्रकाश गौतेल उसे बुलेट मोटरसाइकिल से बरगवां स्थित मछली मार्केट ले गया। वहां पहले से मौजूद शुभम पटेल, शक्ति सोनी और बच्ची उर्फ बीरेन्द्र यादव ने उसे जबरन एम्बुलेंस में बैठाकर गाली-गलौज की और मारपीट की।
आरोप है कि इसके बाद सभी आरोपी फरियादी को दूसरे स्थान पर ले गए, जहां डंडों एवं हाथ-मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसका वन प्लस कंपनी का मोबाइल फोन और नगदी भी लूट ली। गंभीर रूप से घायल होने के कारण फरियादी का अस्पताल में उपचार चला, स्वस्थ होने के बाद उसने थाना रंगनाथनगर में शिकायत दर्ज कराई।
प्रकरण में थाना रंगनाथनगर में अपराध क्रमांक 311/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरूणपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार प्रयास करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शक्ति सोनी (25), शुभम पटेल (23), बच्चू उर्फ चन्द्रप्रकाश गौतेल (25) तथा बच्ची उर्फ बीरेन्द्र यादव (19) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ZB 2808, एम्बुलेंस क्रमांक MP 21 ZG 6349 तथा लूटी गई 700 रुपये की नगदी बरामद की है।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
प्रकरण के सफल खुलासे में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरूणपाल सिंह, सहायक उप निरीक्षक बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक अनिल विश्वकर्मा, अजय तिवारी, प्रमोद सिंह, महेन्द्र दुबे, असंत सिंह, रामनरेश शुक्ला तथा आरक्षक संतोष यादव, रमजान और संदीप की सराहनीय भूमिका रही।