शहीद द्वार को क्षतिग्रस्त करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की मांग, कोतवाली में सौंपा आवेदन
शहीद द्वार को क्षतिग्रस्त करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की मांग, कोतवाली में सौंपा आवेद
कटनी। नई बस्ती स्थित नगर की प्राचीन धरोहर एवं ऐतिहासिक महत्व के शहीद द्वार को गत रात्रि एक अज्ञात भारी वाहन द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। घटना के बाद जनहानि की आशंका को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने क्षतिग्रस्त शहीद द्वार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जिससे स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है।
इसी संबंध में समाजसेवी अजय सरावगी ने गुरुवार को कोतवाली थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपा। आवेदन में उन्होंने मांग की है कि घटना में शामिल अज्ञात भारी वाहन की पहचान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से की जाए तथा वाहन चालक एवं मालिक के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए।
शिकायत में यह भी मांग की गई है कि दोषी पक्ष से क्षतिपूर्ति राशि वसूल कर नगर की इस ऐतिहासिक धरोहर का पुनर्निर्माण कराया जाए। अजय सरावगी ने कहा कि शहीद द्वार नगर की पहचान और गौरव का प्रतीक रहा है, ऐसे में इसके क्षतिग्रस्त होने से नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा शीघ्र नए शहीद द्वार के निर्माण की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है।