कटनी: ससुराल में जबरन घुसकर हंगामा और सास से मारपीट करने का आरोप, पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

कटनी: ससुराल में जबरन घुसकर हंगामा और सास से मारपीट करने का आरोप, पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

कटनी: ससुराल में जबरन घुसकर हंगामा और सास से मारपीट करने का आरोप, पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

कटनी। बरही थाना क्षेत्र के ग्राम उबरा में एक पारिवारिक विवाद के हिंसक रूप लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनकी बहू ने जबरन घर में घुसकर न सिर्फ गाली-गलौज और तोड़फोड़ की, बल्कि अपनी वृद्ध सास के साथ मारपीट भी की, जिसके बाद पीड़ित महिला को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मामले में पीड़ित पति और सास ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कटनी को लिखित शिकायत सौंपकर जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।

​क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी अनुसार, ग्राम उबरा निवासी नितिश तिवारी (33 वर्ष) का विवाह 8 दिसंबर 2020 को मैहर जिले के ग्राम बिहटा निवासी प्रियंका तिवारी (26 वर्ष) के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पति नितिश तिवारी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी का व्यवहार उनके और उनके परिजनों के प्रति क्रूरतापूर्ण हो गया। मई 2021 में विवाद के बाद प्रियंका अपने मायके चली गई थीं।

​पति ने वर्ष 2024 में अपर जिला न्यायाधीश विजयराघवगढ़ के समक्ष विवाह विच्छेद (तलाक) की याचिका दायर की थी। इसके बाद, प्रियंका ने सतना न्यायालय में धारा 9 (दाम्पत्य अधिकारों की पुनर्स्थापना) के तहत एक आदेश प्राप्त किया, जिसके खिलाफ नितिश तिवारी ने माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर में अपील की है, जो वर्तमान में लंबित है।

​जबरन घर में घुसने और हुड़दंग का आरोप

​शिकायत के मुताबिक, उच्च न्यायालय में अपील लंबित होने के बावजूद, 29 मई 2026 की शाम प्रियंका तिवारी अपने भाई संजय पांडे और मामा सुरेश गर्ग के साथ जबरन नितिश तिवारी के घर में घुस आईं। आरोप है कि तब से वह घर में लगातार उत्पाद मचा रही हैं, घरेलू सामान की तोड़फोड़ कर रही हैं और वृद्ध सास को जेल भिजवाने की धमकी देकर प्रताड़ित कर रही हैं।

​सास के साथ मारपीट, अस्पताल में भर्ती

​विवाद ने उस वक्त और गंभीर रूप ले लिया जब 13 जून 2026 को सुबह करीब 11:00 बजे पानी लेने की बात पर बहू प्रियंका तिवारी ने अपनी सास कृष्णा तिवारी (उम्र करीब 56-60 वर्ष) के साथ झूमाझटकी और मारपीट कर दी।

​इस घटना के बाद बरही थाना पुलिस ने प्रियंका तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 352 के तहत गैर-संज्ञेय अपराध सूचना रिपोर्ट (NCR नम्बर 0567/2026) दर्ज की है। वहीं, गंभीर रूप से घायल और उच्च रक्तचाप (BP 167/102 mmHg) से पीड़ित सास कृष्णा तिवारी का चिकित्सीय परीक्षण (MLC No. 02) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरही में कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके दाहिने कंधे का एक्स-रे (X-Ray Right Shoulder) कराने की सलाह दी है।

​पीड़ित परिवार ने लगाई सुरक्षा की गुहार

​पीड़ित नितिश तिवारी और उनकी माता कृष्णा तिवारी ने कटनी पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए शिकायती पत्र में बताया है कि प्रियंका तिवारी पहले भी उन पर जानलेवा हमला करवा चुकी हैं और वर्ष 2023 में बरही थाने में दहेज प्रताड़ना का झूठा मामला भी दर्ज करा चुकी हैं, जो न्यायालय में लंबित है। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि प्रियंका तिवारी स्वयं को चोटग्रस्त कर उन्हें किसी बड़े झूठे मामले में फंसा सकती हैं या उनके साथ कोई अनहोनी कर सकती हैं। परिवार ने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर अपनी जान-माल की रक्षा करने का विशेष अनुरोध किया है।

Exit mobile version