296 मौतें / 24 घंटे के अंदर अब तक की सबसे ज्यादा 35 मौतें, महाराष्ट्र में 17, दिल्ली में 5 ने दम तोड़ा, यूपी के आयुर्वेदिक डॉक्टर की जान गई

नई दिल्ली. देश में 24 घंटे के अंदर अब तक की सबसे ज्यादा 35 संक्रमितों की मौत हो गई। इसी के साथ कोरोना से मरने वालों की संख्या 296 हो गई। शनिवार को महाराष्ट्र में 17 लोगों ने जान गंवाई। यहां सबसे ज्यादा मुंबई में 25 साल के युवक समेत 11 संक्रमितों ने दम तोड़ा। अभी तक देश में सबसे ज्यादा मौतें मुंबई में हुई हैं। यहां 75 लोग जान गंवा चुके हैं। देश की राजधानी दिल्ली में भी एक आयुर्वेदिक डॉक्टर समेत पांच मरीजों की मौत हो गई। डॉक्टर मूल रुप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले थे। मध्यप्रदेश के इंदौर और गुजरात में भी 3-3 कोरोना संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर, तेलंगाना में दो, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, केरल और तमिलनाडु में एक-एक संक्रमितों की जान चली गई। इसके पहले शुक्रवार को कोरोना की वजह से 29 लोगों की जान जा चुकी है।

शनिवार को हुईं मौतें

महाराष्ट्र : राज्य में शनिवार को सबसे ज्यादा 17 लोगों की जान गई। इसमें 11 मरीजों ने मुंबई में दम तोड़ा। पुणे के सतारा के दो, धुले और मालेगांव के एक-एक मरीजों की मौत हुई। मृतकों में 11 पुरुष और 6 महिलाएं शामिल हैं। 17 में से 16 मृतकों को डायबटीज था जबकि एक 25 साल के युवक की भी मौत हुई। उसे कोई बीमारी नहीं थी। ये प्रदेश में अब तक हुई मौतों में सबसे कम उम्र का है।

राजस्थान : जयपुर में कोरोना संक्रमित 62 साल के बुजुर्ग की मौत हुई। राज्य में कोरोना से मौत का ये नौंवा मामला है।
तेलंगाना : राज्य में शनिवार को दो संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 14 लोग कोरोना के चलते जान गंवा चुके हैं।

दिल्ली : राज्य में शनिवार को पांच मरीजों की जान गई। इनमें एक उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के आयुर्वेदिक डॉक्टर भी शामिल थे। 58 साल के डॉक्टर बुलंदशहर के शिकारपुर में क्लीनिक चलाते थे। 7 अप्रैल को तबियत खराब होने पर उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर की पत्नी और बेटे का भी सैंपल लिया गया है।

मध्य प्रदेश : शनिवार को संक्रमण के चलते इंदौर में तीन मरीजों की मौत हुई। यहां अब तक 30 कोरोना संक्रमित दम तोड़ चुके हैं जबकि राज्य में मौतों का आंकड़ा 40 पर पहुंच गया। इंदौर के अलावा उज्जैन में 5, खरगोन 2, भोपाल, छिंदवाड़ा, देवास में एक-एक की मौत हो गई।

तमिलनाडु : शनिवार को चेन्नई में एयरलाइन कंपनी इंडिगो के एक कर्मचारी की कोरोनावायरस से मौत हो गई है। वह एयरक्राफ्ट मैंटनेंस इंजीनियर के पद पर चेन्नई में तैनात थे।

शनिवार से पहले 9 अप्रैल को हुई थी सबसे ज्यादा 34 मौतें

तारीख मौतों की संख्या
5 अप्रैल 23 मौतें
6 अप्रैल 21 मौतें
7 अप्रैल 22 मौतें
8 अप्रैल 27 मौतें
9 अप्रैल 34 मौतें
10 अप्रैल 29 मौतें

संक्रमण से महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें

राज्य मौतें
महाराष्ट्र 127
मध्यप्रदेश 40
गुजरात 22
तेलंगाना 14
दिल्ली 19
पंजाब 12
तमिलनाडु 10
राजस्थान 09
पश्चिम बंगाल 07
आंध्र प्रदेश 06
कर्नाटक 06
उत्तर प्रदेश 05
जम्मू-कश्मीर 04
हरियाणा 04
हिमाचल 02
केरल 03
बिहार 01
चंडीगढ़ 02
असम 01
झारखंड 01
ओडिशा 01
कुल 296
Exit mobile version