Site icon Yashbharat.com

संतनगर में श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव: रूकमणि विवाह में जम कर नाचे श्रद्धालु

wp 17050634054542347051403242272582

कटनी। नगर के सिद्ध बाबा मंदिर संतनगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के दौरान माता रूकमणि व भगवान श्रीकृष्ण का विवाहोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कथा व्यास डा. बालेन्द्रु मिश्र प्रयागराज ने भगवान की बाल लीलाओं का वर्णन किया।

उन्होंने पूतना उद्धार, बाल लीला और गोवर्धन पूजा प्रसंग पर प्रकाश डाला। कथा व्यास ने कहा कि भगवान के बाल स्वरूप का दर्शन करने स्वर्ग से देवता भी रूप बदलकर धरा पर आए ताकि वे भगवान की बाल लीलाओं को देख सकें और उनका दर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि गोपियां भी भगवान की एक झलक पाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण की शिकायत करने के बहाने से उनके घरों में जाती थीं और उनकी लीलाओं को देखकर मुग्ध हो जाती थीं।

भगवान की बाल लीलाओं से लेकर विवाहोत्सव तक की कथा का कथा व्यास ने भजनों के बीच वर्णन किया और कहा कि भगवान लीलाओं की कथा लोगों के मन को मुग्ध कर देने वाली है। कथा महोत्सव में माता रूकमणि व श्रीकृष्ण की जीवंत झांकी सजाई गई और उनकी बारात निकाली गई।

ढोल-नगाड़ों के बीच कालोनी में निकली बारात का लोगों ने स्वागत किया और जगह-जगह भगवान की आरती उतारी गई। कार्यक्रम स्थल पर बारात का स्वागत आयोजकों ने किया। जिसके बाद विवाहोत्सव का आयोजन हुआ और उसके बाद लोगों ने भगवान के पैर पूजे और उपहार भेंट कर परिवार के कल्याण की कामना की।   भगवान की आरती उतारी गई और प्रसाद का वितरण कर दिन की कथा को विराम दिया गया। आयोजकों ने बताया कि रविवार को कन्या भोज, भंडारे के साथ कथा महोत्सव का समापन किया जाएगा।

Exit mobile version