बिना हेलमेट, तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई,मिशन चौक पर 25 वाहनों के चालान, एक वाहन चालक पर धारा 185 के तहत कार्रवाई
बिना हेलमेट, तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई,मिशन चौक पर 25 वाहनों के चालान, एक वाहन चालक पर धारा 185 के तहत कार्रवा
कटनी। जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य डीएसपी मुख्यालय के निर्देश एवं यातायात प्रभारी अनूप सिंह के मार्गदर्शन में मिशन चौक क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान 25 वाहनों के चालान बनाए। वहीं शराब के नशे में वाहन चलाने के मामले में एक वाहन चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई का नेतृत्व उपनिरीक्षक शशिभूषण दुबे सहायक उपनिरीक्षक अशोक सिंह ने किया। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी।
यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।