अंतरराष्ट्रीय पैरा लिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाले शुभम चक्रवर्ती का सम्मान,कटनी आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, प्राचार्य ने कहा—शुभम की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

अंतरराष्ट्रीय पैरा लिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाले शुभम चक्रवर्ती का सम्मान,कटनी आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, प्राचार्य ने कहा—शुभम की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

कटनी। कटनी आर्ट्स एंड कॉमर्स ऑटोनॉमस कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय पैरा लिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले महाविद्यालय के पूर्व छात्र शुभम चक्रवर्ती का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. जय चड्ढा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

समारोह में प्राचार्य डॉ. जय चड्ढा ने शुभम चक्रवर्ती को पुष्पगुच्छ, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शुभम की उपलब्धि केवल एक स्वर्ण पदक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो विपरीत परिस्थितियों के कारण अपने लक्ष्य से पीछे हट जाते हैं। शारीरिक चुनौतियों को दरकिनार करते हुए शुभम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश, प्रदेश और कटनी का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने शुभम को भविष्य में होने वाली ओलंपिक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर शुभम के पिता प्रवीण चक्रवर्ती, माता किरण चक्रवर्ती, बड़ी माता प्रतिभा चक्रवर्ती, बुआ नीलम कालरा, चाचा नवीन चक्रवर्ती एवं चाची बबीता चक्रवर्ती की विशेष उपस्थिति रही। महाविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अतिथियों का स्वागत किया।

अपने सम्मान से अभिभूत शुभम चक्रवर्ती ने कहा कि यह स्वर्ण पदक केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उनके माता-पिता के अटूट विश्वास और महाविद्यालय परिवार के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अध्ययनकाल के दौरान महाविद्यालय परिवार ने सदैव उनका उत्साह बढ़ाया और सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम का संचालन विज्ञान एवं कंप्यूटर विभागाध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने किया तथा उपस्थित अतिथियों एवं महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में चड्ढा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के डायरेक्टर देवाशीष चड्ढा, उप-प्राचार्य डॉ. राजीव खत्री, ऑटोनॉमस कुलसचिव शरद निरंकारी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आर.आर.एस. परिहार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Exit mobile version