जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक ने सुनीं आमजन की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश हर शिकायत के उचित समाधान के लिए किए जा रहे हरसंभव प्रयास

जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक ने सुनीं आमजन की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

हर शिकायत के उचित समाधान के लिए किए जा रहे हरसंभव प्रयास

कटनी- मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान पति-पत्नी एवं बेटा-बहू से जुड़े पारिवारिक विवाद, आपसी मतभेद, साइबर एवं वित्तीय धोखाधड़ी, शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने, प्लॉट-मकान एवं जमीन संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध सहित अन्य पुलिस संबंधी प्रकरण सामने आए।

पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदक की समस्या एवं व्यथा को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर तथा फोन के माध्यम से आवश्यक निर्देश देते हुए शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने आमजन को आश्वस्त किया कि कटनी पुलिस उनकी सुरक्षा, न्याय एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

Exit mobile version