राहत की खबर: पहली बार देश में एक दिन में जितने मरीज बढ़े, उससे करीब डेढ़ गुना ठीक हुए

नई दिल्ली. देश में अब तक कोरोना संक्रमण के 1 लाख 73 हजार 453 मामले सामने आ चुके हैं। शुक्रवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 8101 मरीज मिले और रिकॉर्ड 11 हजार 729 ठीक हुए, जबकि 269 की मौत हुई।

महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे ज्यादा 116 मरीजों की जान गई। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 62 हजार के पार हो गया। उधर, दिल्ली में भी रिकॉर्ड 1106 संक्रमित बढ़े और 82 ने जान गंवाई। लगातार दूसरे दिन 1 हजार से ज्यादा मरीज बढ़ने पर दिल्ली सरकार ने 5 बड़े होटलों से उनके कैंपस कोरोना हॉस्पिटल के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए मांगे हैं।

कल महाराष्ट्र में 2682, दिल्ली में 1105, तमिलनाडु में 874, गुजरात में 372, राजस्थान में 298, प. बंगाल में 277, उत्तरप्रदेश में 275, कर्नाटक में 248, हरियाणा में 217, उत्तराखंड में 216, बिहार में 174, जम्मू-कश्मीर में 128 और असम में 144 मरीज मिले। इनके अलावा 341 मरीजों और बढ़े, लेकिन ये किन राज्यों से हैं यह स्पष्ट नहीं हो सका।

ये आंकड़े Covid19.Org के आधार पर हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 73 हजार 763 संक्रमित हैं। इनमें से 86 हजार 422 का इलाज चल रहा है। 82 हजार 370 ठीक हुए हैं, जबकि 4971 की मौत हो चुकी है।

Exit mobile version