योग करते सेना के डॉग स्क्वायड की फोटो ट्वीट कर घिरे राहुल गांधी
नई दिल्ली। 21 जून, शुक्रवार को पूरी दुनिया में योग दिवस मनाया गया, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस पर एक ट्वीट कर फंस गए। राहुल ने योग करते सेना के डॉग स्क्वायड की फोटो ट्वीट की और कमेंट लिखा – ‘न्यू इंडिया।’ इसके बाद तो भाजपा भड़क गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राहुल पर योग दिवस और सेना का मजाक उड़ाने का आरोप लगा दिया। अमित शाह ने जवाबी ट्वीट में लिखा, ‘कांग्रेस का मतलब है नकारात्मकता। तीन तलाक प्रथा के समर्थन में आज उनकी नकारात्मकता साफ तौर पर देखी गई। अब वे योग दिवस का मजाक उड़ा रहे हैं और हमारी सेना का (फिर से) अपमान कर रहे हैं। उम्मीद है कि सकारात्मकता की भावना बनी रहेगी। यह कठिन से कठिन चुनौतियों से पार पाने में मदद करती है।’
भाजपा ने यह कहते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा कि उनके लिए जिंदगी सिर्फ मजाक है क्योंकि वह अपने पालतू कुत्ते की तस्वीरें पोस्ट करते रहते हैं। वहीं पार्टी प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत है और राहुल गांधी के ट्वीट से उनके नेतृत्व में नई कांग्रेस उजागर होती है। वहीं भाजपा सांसद परेश रावल ने ट्वीट किया, ‘हां राहुल जी, यह नया भारत है जहां कुत्ते भी आपसे ज्यादा होशियार हैं।’
इसी तरह बेंगलुरु दक्षिण सीट से भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्य ने लिखा, ‘राहुल गांधी ने अभी भी सबक नहीं सीखा है। एक ही बार में उन्होंने हमारी सेना, वीर जवानों, अद्भुत डॉग यूनिट, योग की परंपरा और हमारे देश का अपमान कर दिया। मुझे सभी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं (अगर बचे हैं) के लिए वास्तव में अफसोस होता है क्योंकि उन्हें ऐसे व्यक्ति को अपना नेता मानना पड़ता है।’