भोपाल। आमतौर पर लोग बेटी के आगमन की खुशी में लोग ढोल-ढमाकों के साथ मिठाई बांटकर खुशियां मनाते हैं, लेकिन कोलार के दानिशकुंज निवासी अंचल गुप्ता ने बेटी आने की खुशी कुछ अलग ढंग से मनाई।
उन्होंने रविवार को लोगों को निश्शुल्क फुल्की (पानीपूरी) खिलवाईं। इसके लिए उन्होंने पहले 50 हजार फुल्की और उनका पानी तैयार किया। इसके बाद हर आने-जाने वाले को टेंट लगाकर फुल्की खिलाईं। इसके लिए 10 स्टॉल लगाए गए थे। लोगों ने दोपहर एक से लेकर शाम छह बजे तक कतार में लग कर फुल्की का आनंद उठाया।
महिलाओं, बच्चों व बड़े-बुजुर्गों ने भरपेट फुल्की खाकर अंचल गुप्ता को बेटी के आगमन की खुशी में बधाई दी। अंचल गुप्ता को बधाई देने क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि बेटी के आगमन की खुशी मनाने का यह तरीका बहुत अच्छा लगा। यह बेटी बचाओ व बेटी पढ़ाओ अभियान को बढ़ावा देने का जीता-जागता उदाहरण है। घर में लक्ष्मी आने की खुशी में ऐसे ही लोगों को खुशयिां मनानी चाहिए, जिससे बेटियों को बचाया जा सके।

