Site icon Yashbharat.com

फिर बोले कम्प्यूटर बाबा : कांग्रेस में आने के लिए छटापटा रहे हैं BJP के चार कद्दावर MLA

computer baba mahant 12 04 2018

उज्जैन। नदी न्यास अध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर कम्प्यूटर बाबा ने दावा किया है कि प्रदेश भाजपा के 4 विधायक उनके संपर्क में हैं। वे भाजपा से तंग आ चुके हैं और कांग्रेस में आने के लिए छटापटा रहे हैं। आने वाले वक्त में उन्हें सीएम कमलनाथ के सामने पेश कर दूंगा। वो पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और भाजपा से परेशान हैं। उन विधायकों को कमलनाथ पर पूरा भरोसा है। वो विकास के लिए समर्थन देंगे। मैं नाम नहीं बताऊंगा किसी का। शिवराज और भाजपा का भरोसा नहीं है। इसलिए मैं नाम नहीं बताऊंगा, मुझे काफी परेशान किया था।

बाबा ने कहा है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ जब भी कहेंगे, उन्हें (नेताओं को) उनके समक्ष प्रस्तुत कर दूंगा। शिप्रा सदानीरा और स्वच्छ बनी रही, इसके लिए सरकार काम कर रही है। अभी नदी में नाले मिल रहे हैं मगर नवंबर तक ये गंदा पानी नदी में मिलना बंद हो जाएगा। कम्प्यूटर बाबा ने शिप्रा नदी पर डैम बनाने की भी पैरवी की।

कम्प्यूटर बाबा शुक्रवार को उज्जैन में थे। मीडिया से चर्चा में उनका कहना था कि कमलनाथ की सरकार 5 साल नहीं बल्कि 25 साल तक चलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सबसे अधिक अवैध उत्खनन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह के कार्यकाल में हुआ हैं। नर्मदा से लेकर अन्य नदियों में भाजपा से जुड़े लोग अवैध उत्खनन कर खूब पैसा बना चुके हैं। भाजपा सरकार के दौरान मंत्री का दर्जा मिलने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि जब मंदाकिनी, नर्मदा और शिप्रा सहित अन्य नदियों के हालात सुधारने और अवैध उत्खनन रोकने के लिए उनके द्वारा प्रयास किए गए तो स्वयं सीएम कहने लगे कि बाबा पार्टी के ही लोग हैं। इन पर कुछ कार्रवाई करेंगे तो मेरी सरकार गिर जाएगी।

शिप्रा किनारे दो किमी में होगा पौधारोपण

कम्प्यूटर बाबा ने कहा कि शिप्रा किनारे 2 किमी की दूरी में पौधारोपण किया जाएगा। प्रथम चरण में शिप्रा के विस्तार के लिए पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नदियों में अवैध रेत उत्खनन नहीं होगा और न ही इस पर कोई राजनीति हावी होने देंगे। करगिल युद्घ का जिक्र करते हुए शहीदों की स्मृति में सर्किट हाउस परिसर में पौधारोपण किया।

शिप्रा जल का किया आचमन, नाराज हो गए

कम्प्यूटर बाबा ने शिप्रा तट स्थित रामघाट पर शिप्रा जल का आचमन किया। गंदा पानी देख वे नाराज हुए। इसके पूर्व रामघाट पर भ्रमण किया तो शिप्रा किनारे कचरा दिखाई दिया तो भी नाराजगी जताई। मौजूद प्रशासन के एक अफसर को तलब किया और पूछा कि शिप्रा में इतना कचरा क्यों हैं। अफसर ने कहा कि अभी बारिश का समय है और फिलहाल शिप्रा में जल बह रहा है। ऐसे में कचरा बह कर चल जाएगा। बाबा ने भगवान महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

ये भी बोले कम्प्यूटर बाबा

-नर्मदा नदी के किनारे 5 किमी में पौधारोपण किया जाएगा।

-नर्मदा-शिप्रा लिंक योजना का पानी किस तरह आएगा यह जानकारी ली जाएगी। पहले शिप्रा को पानी मिले, बाद में अन्य उपयोग हो।

-कुंभ की सफलता का श्रेय भाजपा सरकार को नहीं, मीडिया को दिया। यह मीडिया की देन है।

-सेवरखेड़ी डेम का काम रोकने के प्रश्न पर बाबा ने कहा कि शिप्रा नदी पुनर्जीवन के लिए डेम की जरूरत हैं। डेम के काम को प्राथमिकता देंगे।

-शिप्रा नदी में कहीं भी अवैध उत्खनन हो, सूचना देवे, वे बंद कराएंगे।

Exit mobile version