बता दें घोटाले से आहत पंजाब नेशनल बैंक ने हीरा कारोबारी नीरव मोदी को बकाये के भुगतान के लिए एक पुख्ता और क्रियान्वयन योग्य योजना के साथ आने को कहा है. रिपोर्ट के मुताबिक पीएनबी में हुए 11,400 करोड़ रुपये के घोटाले का सूत्रधार यही नीरव मोदी है. बैंक की मुंबई शाखा द्वारा धोखाधड़ी से जारी साख पत्रों (एलओयू) के आधार पर अन्य बैंकों की विदेशी शाखाओं से कर्ज लेकर यह धोखाधड़ी की गई है.
पीएनबी ने नीरव मोदी के एक ईमेल के जवाब में उनसे कर्ज चुकाने की ठोस योजना के साथ आने की यह बात कही है. सूत्रों ने बताया कि पीएनबी के महाप्रबंधक (अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग विभाग) अश्विनी वत्स ने नीरव मोदी को उसके मेल का जवाब भेजा है. उसमें कहा गया है, ‘आप गैरकानूनी और अनधिकृत तरीके से कुछ बैंक अधिकारियों के जरिए एलओयू हासिल कर रहे थे. किसी भी समय हमारे बैंक द्वारा आपकी तीन भागीदार कंपनियों को यह सुविधा नहीं दी गई थी.’
