Site icon Yashbharat.com

ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर स्लीमनाबाद के कोहका में हादसा

accident

कटनी। स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम कोहका के समीप एक दानवी रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को कुचल दिया। दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात ट्रक चालक के विरूद्ध मामला दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के संबंध में स्लीमनाबाद थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि जबलपुर जिले के मझगवां थाना अंतर्गत ग्राम खंपरिया खितौला निवासी 27 वर्षीय आकाश पिता मम्मू कोल अपने साथी पवन कोल के साथ मोटर सायकल से स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरिया आया था।

बताया जाता है कि ग्राम डोंगरिया से लौटते समय ग्राम कोहका के समीप अज्ञात ट्रक ने बाइक को कुचल दिया। जिसके कारण बाइक सवार आकाश व पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल एंबुलैंस से जिला अस्पताल लाया गया।

जहां चिकित्सकों ने आकाश को देखते ही मृत घोषित कर दिया जबकि पवन को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने आकाश का शवपरीक्षण कराते हुए अज्ञात ट्रक चालक के विरूद्ध मामला दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।

 

Exit mobile version