इंदौर। सिंधी कॉलोनी में रविवार सुबह 35 वर्षीय जितेंद्र पुत्र सुरेंद्रसिंह का शव मिलने से हड़कंप मच गया। उसके मुंह और सिर पर चोट के निशान थे। जूनी इंदौर पुलिस ने हत्या का मामला समझ पड़ताल की लेकिन बाद में चोरी का निकला। उसकी उंचाई से गिरने पर मौत हुई थी।
एएसपी (पश्चिम-1) राजेश व्यास के मुताबिक घटना सिंधी कॉलोनी की गली नंबर छह की है। लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। इस दौरान जितेंद्र के जेब की तलाशी ली तो पायल और कुछ अन्य ज्वेलरी मिली। छानबीन में पता चला पायल पास में रहने वाली सुरेंद्रसिंह के घर से चुराई थी। वह उनका परिचित था और घर भी आता रहता था। सुरेंद्र ने बताया रात को वह घर आया था। उसकी वृद्ध मां ने उसे ऊपर जाते देख लिया था। वह उसे पहचान नहीं पाई और उन्हें लगा परिवार का ही कोई सदस्य है।
हाथ में चूने के निशान मिलें, गिरने से हुआ जख्मी
टीआइ भारतसिंह के मुताबिक जितेंद्र के हाथ में चूने के निशान थे। सुरेंद्रसिंह के घर में चोरी करने के बाद वह उनके पड़ौसी की छत पर गया था। वहां से उतरने में पाइप टूट गया और वह धड़ाम से नीचे आ गिरा। रातभर पड़े रहने के कारण उसकी मौत हो गई।
