गांव बंद आंदोलन से पहले किसानों को मनाने मंदसौर पहुंचेंगे शिवराज!
भोपाल। मध्य प्रदेश में मंदसौर गोलीकांड की पहली बरसी पर प्रस्तावित किसान आंदोलन की आहट के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मंदसौर जाएंगे. शिवराज की यात्रा को लेकर मंदसौर, नीमच और रतलाम के विधायकों और जिलाध्यक्षों को भोपाल तलब कर सरकार पूरे क्षेत्र की रिपोर्ट ले चुकी है.
दरअसल, एक जून से लेकर दस जून तक प्रदेश के किसानों ने गांव बंद का ऐलान किया है जिसमें वे गांव में उत्पादित किसी भी चीज को शहर नहीं ले जाएंगे. इतना ही नहीं किसान एक जून से शहरी क्षेत्रों में दूध की सप्लाई भी नहीं होने देंगे. यह माना जा रहा है कि सीएम शिवराज अपने मंदसौर दौरे के दौरान किसानों को मनाने और आंदोलन से बचने के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं.
आंदोलन को नकार रहे BJP नेता
हालांकि BJP के कई नेता इसे किसान आंदोलन ना कहकर कांग्रेस की साजिश बता रहे हैं. यहां तक कि सीएम शिवराज ने भी इसे कांग्रेस का खेल करार दिया है, उन्होंने कहा है कि कांग्रेस लाशों पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहती है. सीएम ने कहा है कि जितना काम मध्य प्रदेश की सरकार ने किसानों के लिए किया है उतना किसी और प्रदेश की सरकार ने कभी नहीं किया.