खुशखबरी! अब रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड पर लगेंगी सैनेटरी पैड मशीनें
नेशनल डेस्क। केन्द्र सरकार के शहरी विकास मंत्रालय के निर्देशों पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरी क्षेत्रों में महिलाओं की सुविधा हेतु सैनेटरी पैड वैंडिंग तथा डिस्पोजल मशीनें लगाने की जो योजना आने वाले समय में जालंधर में शुरू होने जा रही है, उसके तहत पहली ऐसी 3 मशीनें नगर निगम की मेन बिल्डिंग, रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड पर लगाई जाएंगी। गौरतलब है कि ऐसी करीब 15 मशीनें लगाए जाने का प्रस्ताव पार्षद हाऊस की बैठक में पास हो चुका है।
पंजाब सरकार ने अब नगर निगमाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में 3 स्थानों पर पहले चरण में ऐसी मशीनें लगाई जाएं। हालांकि निगम इस मामले को दोबारा पार्षद हाऊस में लाने जा रहा है परन्तु पता चला है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा निगम की बिल्डिंग में स्थित महिला शौचालयों को ऐसी मशीनें लगाने हेतु चुना जा रहा है, जहां महिलाओं का आवागमन अपेक्षाकृत अधिक रहता है। ये मशीनें सुलभ शौचालयों में लगाई जानी हैं जहां मात्र 10 रुपए में 3 सैनेटरी नैपकिन वाला पैकेट उपलब्ध होगा। यह टैंडर एच.एल.एल. लाइफ केयर कम्पनी को दिया जा रहा है, जो इन मशीनों को लगाने के बाद इन्हें 2 साल के लिए मैनटेन करेगी।

