Site icon Yashbharat.com

भाजपा के नेता खुश हैं कमलनाथ के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने से ! वजह ये है..

images 38

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नेता खुश हैं, पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपने से नहीं, बल्कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को चेहरे के रूप में सामने न लाने के कारण। पार्टी नेताओं की मानें तो उपचुनाव हराकर सिंधिया कांग्रेस के एक बड़े नेता के रूप में उभरे थे, यदि उन्हें सामने रखकर कांग्रेस चुनाव लड़ती तो भाजपा को ज्यादा मुश्किल होती। भाजपा की मानें तो कमलनाथ और सिंधिया को अलग-अलग जिम्मेदारी देने से साफ है कि पार्टी में गुटबाजी का अंत नहीं हुआ है।

भाजपा नेताओं ने कमलनाथ की ताजपोशी के साथ राहत की सांस ली है। राहत की वजह साफ है कि वे कमलनाथ को बाहरी बताकर घेराबंदी में सफल रहेंगे। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस का फैसला न तो सामाजिक कारणों को ध्यान में रखकर लिया गया है न ही राजनीतिक।

वे कहते हैं कि कमजोर माली हालत के चलते कांग्रेस का यह मजबूरी में लिया गया फैसला है। उनके मुताबिक कमलनाथ जननेता नहीं हैं और स्थानीय भी नहीं हैं, इसलिए पार्टी ‘देसी बनाम बाहरी” का मुद्दा उठाएगी और सरल, सहज नेता शिवराज सिंह से तुलना कर कांग्रेस के लिए चुनौती खड़ी करेगी।

 अमित शाह 4 को आ रहे

4 मई को भोपाल प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह चुनाव प्रबंधन कमेटी के साथ बैठक करेंगे। इसमें चुनाव प्रबंधन कमेटी के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, सह संयोजक नरोत्तम मिश्रा, लालसिंह आर्य और फग्गन सिंह कुलस्ते शामिल होंगे। बैठक में सीएम शिवराज सिंह चौहान भी रहेंगे। सूत्रों का कहना है कि बैठक में शाह टिकट की गाइडलाइन तय कर सकते हैं। संगठन महामंत्री रामलाल भी इस बैठक में शामिल होने के लिए आ रहे हैं।

भाजपा ने दी बधाई

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने मप्र कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाने पर कमलनाथ को बधाई दी है। इसके साथ ही चुनाव अभियान समिति का प्रमुख बनाए जाने पर ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा चारों कार्यकारी अध्यक्षों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

अमीरों के हाथ में खेल गई कांग्रेस: प्रभात

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रभात झा ने कहा है कि कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया को कमान सौंपकर कांग्रेस एक बार फिर अमीरों के हाथ में खेल गई। प्रदेश में किसान के विरुद्ध कार्पोरेट घराने की चुनावी लड़ाई होगी। गरीब को हटाने के लिए अमीरों को कांग्रेस की कमान सौंपे जाने को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

Exit mobile version