कटनी में 25 सितंबर को गणेश विसर्जन पर रहेगा स्थानीय अवकाश, कलेक्टर ने जारी किया संशोधित आदेश
कटनी। कटनी जिले के नागरिकों और शासकीय कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले में पूर्व में घोषित स्थानीय अवकाश की तारीख में संशोधन करते हुए अब अनंत चतुर्दशी (गणेश विसर्जन) के अवसर पर 25 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को संपूर्ण कटनी जिले के लिए स्थानीय अवकाश घोषित कर दिया है।
क्यों करना पड़ा संशोधन?
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, कलेक्टर द्वारा पूर्व में 4 मार्च 2026 को (होली के दूसरे दिन) स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था। लेकिन बाद में मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 4 मार्च को पूरे प्रदेश के लिए सामान्य अवकाश घोषित कर दिया। इसी कारण कटनी कलेक्टर ने अपने पुराने आदेश में संशोधन करते हुए 4 मार्च के बदले अब 25 सितंबर को गणेश विसर्जन का स्थानीय अवकाश निर्धारित किया है।
बैंक और कोषालय रहेंगे खुले
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी संशोधित आदेश (क्रमांक-3817/489) में यह स्पष्ट किया गया है कि यह स्थानीय अवकाश जिले के शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों पर ही लागू होगा। जिले के सभी बैंक और कोषालय (Treasuries) इस अवकाश से मुक्त रहेंगे और वहां रोजमर्रा का काम सामान्य रूप से जारी रहेगा।