नवादा से बीजेपी सांसद ने कहा कि कठुआ की घटना के बाद यह वही लोग हैं जो एक ही जगह पर एक ही साथ टी-शर्ट और कैंडल के साथ प्रदर्शन करते हैं. उनके और उनके जैसे लोगों की मोमबत्ती कहां गुम हो जाती है जब गीता जैसी बच्ची के साथ मदरसे में उत्पीड़न होता है.
ऐसी घटना होने के बाद भी क्या कोई बहस चलती है, रोड पर लोग निकलते हैं? यह देश के लिए घातक है और ये लोग गलतफहमी में ना रहें कि उनकी जुबान तगड़ी है और इन लोगों की जुबान कमजोर है. उन्होंने कहा कि जिन्ना के समर्थक अपना समर्थन अपने पास रखें. ऐसे लोगों का मंसूबा कभी भी पूरा नहीं होगा.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तुलना गिरिराज सिंह ने सांसद असदुद्दीन ओवैसी से की. नवादा पहुंचे गिरिराज ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी और ओवैसी की मानसिकता में समानता है. दोनों राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत पर बैठे रह जाते हैं. राष्ट्रभक्ति का सम्मान दोनों में ही नहीं दिखता है जो कि देश के लिए दुर्भाग्य और दुखद है. राहुल भी देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति की भावना नहीं दिखाते हैं. राहुल की मानसिकता में भी वही भाव दिखता है जो ओवैसी के मन में है. उन्होंने कहा कि ओवैसी भी कभी राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के प्रति कभी सम्मान में खड़े नहीं दिखे हैं. यह दिखाता है कि राहुल और ओवैसी की मानसिकता में समानता है.
मालूम हो कि हाल के दिनों में कठुआ में हुए गैंगरेप के बाद हत्या की घटना के बाद राजनीति तेज हो गई है ऐसे में गिरिराज सिंह ने दिल्ली से सटे एक मदरसे में हुई रेप की घटना पर सवाल खड़े कर के फिर से इस बहस को तेज कर दिया है.
