Tuesday, May 26, 2026
Latest:
मध्यप्रदेश

कंजरों का विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर हमला, सीएसपी घायल

इंदौर। खजराना रिंग रोड के पास मंगलवार शाम कंजरों के दो गुटों में आपसी विवाद हो गया। इस दौरान जमकर पत्थर चले और मारपीट हुई। वहां से गुजर रहे दो सीएसपी ने रुककर कंजरों को हटाने का प्रयास किया तो उन्होंने सीएसपी पर ही पथराव कर दिया। इससे एक सीएसपी के सिर में गंभीर चोट आई। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कंजरों को वहां से खदेड़ा व घायल सीएसपी को अस्पताल पहुंचाया। हंगामे के दौरान एक पुलिसकर्मी की बंदूक से मैगजीन गिर गई, जो बाद में झाड़ियों में पड़ी मिली।खजराना चौराहे के पास कंजर समुदाय के कुछ लोगों ने कब्जा कर डेरा जमा रखा है। उन्हीं डेरों में रह रहे दो गुटों के बीच विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ा कि दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे सीएसपी बीपीएस परिहार और एसके तोमर ने झगड़ा कर रहे लोगों को अलग किया। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर मौके पर पुलिस बल भेजने को कहा। इस दौरान दोनों गुटों में फिर पथराव शुरू हो गया।

इसे रोकने की कोशिश कर रहे कोतवाली सीएसपी परिहार को पत्थर लगने से सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल भेजा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मारपीट कर रहे 12 लोगों को हिरासत में ले लिया। खजराना सीएसपी तोमर ने बताया कि घायल सीएसपी की हालत ठीक है। यदि मौके पर विवाद नहीं रोका जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

KK%201

महिला को लाठियों से पीट रहे थे

मंगलवार को सड़क किनारे शराब पी रहे कुछ लोगों में किसी बात पर बहस शुरू हो गई। बाद में बहस लाठी-डंडों में बदल गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के सामने भी झगड़ा चलता रहा और डंडों से एक महिला को पीटते रहे। पुलिस कंट्रोल रूम से मौके पर जब पुलिस अधिकारी पहुंचे तो उनके साथ महिला कर्मचारी नहीं थी, इसलिए भी लगभग एक घंटे तक हंगामा होता रहा और सड़क पर जाम लग गया।

खराब बंदूक लेकर घूम रहे सिपाही

सीएसपी के सिर पर पत्थर लगने की घटना के बाद मौके पर पुलिस बल पहुंचा। यहां महिलाएं सिपाहियों के पीछे भागने लगीं। इस झूमाझटकी में एक सिपाही की बंदूक की मैगजीन गिर गई। जब मामला शांत हुआ तो सिपाही ने बंदूक पर गौर किया, ढूंढ़ा तो झाड़ियों में पड़ी मिली। पूछने पर उसने बताया कि बंदूक थोड़ी खराब है। इसे सही करवानी है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply