VIDEO: कटनी में BJP चीफ अमित शाह का मेगा रोड शो, चारों विधानसभा प्रत्याशियों के लिये मांगा जनता से आशीर्वाद

कटनी। कटनी शहर में आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मेगा चुनावी रोड शो किया। रोड शो शाम करीब साढ़े 7 बजे मिशन चौक से प्रारम्भ हुआ जो शहर के मुख्य मार्ग आजाद चौक, शेर चौक, झंडा बाजार, रुई बाजार, कपड़ा बाजार, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर होता हुआ दिलबहार चौक में सम्पन्न हुआ।
कटनी में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का मेगा रोड शो

रोड शो को मेगा इवेंट बनाने भाजपा ने पहले ही काफी तैयारियां की थीं। रोड शो में पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा आम जन की उपस्थिति से भाजपा नेता काफी खुश नजर आए। रोड शो के दौरान भाजपा महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सुंदर वेशभूषा के साथ शामिल होकर इसे आकर्षक बनाने की कोशिश की। उधर रोड शो में शहर के अलावा विजयरघवगढ़ से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। इसी तरह बड़वारा तथा बहोरीबद से भी रोड शो में शामिल होने कार्यकर्ता कटनी पहुंचे थे।

जोरदार नारेबाजी के बीच जगह जगह होती पुष्प वर्षा, स्वागत के लिए सजे पंडाल, ढोल नगाड़ों के साथ आतिशबाजी के बीच भाजपा के चाणक्य कहे जाने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो का शहर में जगह जगह भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी अभिनंदन किया।

भाजपामयी रथ पर राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह के साथ प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया, प्रदेश महामंत्री बी डी शर्मा दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, जिला भाजपा अध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, महापौर शशांक श्रीवास्तव सहित विजयरघवगढ़ से भाजपा प्रत्याशी संजय सत्येन्द्र पाठक, कटनी मुड़वारा प्रत्याशी संदीप जायसवाल, बड़वारा से प्रत्याशी मोती कश्यप तथा बहोरीबंद से भाजपा प्रत्याशी प्रणय प्रभात पांडे मौजूद थे।

जगह जगह पुष्प वर्षा के चलते जिस रास्ते श्री शाह का रथ गुजरता वहां सड़क फूलों से ढंक जाती। भाजपा के इस रोड शो की गूंज पूरे जिले के साथ प्रदेश में भी सुनी गई। दरअसल रोड शो को कवर करने आये राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया के साथ स्थानीय मीडिया ने भी इस पर नजरें जमाई थीं। दिलबहार चौक में रोड शो के बाद श्री शाह ने रात्रि विश्राम कटनी में किया।

Exit mobile version