जबलपुर के चरगवां थाना इलाके में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मजदूरों से भरा एक मिनी ट्रक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गया और पलट गया. इस हादसे में 50 से ज्यादा मजदूर घायल हो गये. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. वहीं, एएसआई संतोष सेन ने घायलों को कंधे पर लादकर अस्पताल में कराया. उनकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
खास बात यह है कि पुलिस वाले का एक हाथ का पंजा नहीं है। एक मुठभेड़ में उनके साथ यह दुर्घटना घटी थी
इस दुर्घटना में किसी भी मजदूर के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है. यह सभी मजदूर शाहपुरा में मटर के खेत में काम करने जा रहे थे. इसी दौरान उनका ट्रक घुघरी के पास पलट गया. शाहपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में पचास से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
ड्राइवर की तलाश में जुटी
हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार है. ट्रक के मालिक की पहचान मल्लू राय के रूप में हुई है. हादसे के बाद से ट्रक का मालिक और ड्राइवर दोनों मौके से भाग गये. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.
दुर्घटना संभावित क्षेत्र में इस सड़क पर पहले भी ऐसे कई हादसे हो चुके हैं और लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है. बावजूद इसके यहां यातायात सुरक्षा के माकूल इंतजाम नहीं हैं. इतना ही नहीं, हादसे के बाद जब घायलों को अस्पताल ले जाया गया, तो वहां स्ट्रेचर तक का इंतजाम नहीं था. मजबूरी में पुलिसकर्मी घायलों को अपने कंधे पर लादकर अस्पताल के अंदर लेकर गए

