सुरक्षा एजेंसियों का बड़ा एक्शन: कर्नाटक में आधार-वोटर आईडी के साथ पाकिस्तानी मां-बेटा गिरफ्तार; महाराष्ट्र में गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर ATS की महा-छापेमारी
बेंगलुरु/मुंबई: देश की आंतरिक सुरक्षा और अवैध प्रवासियों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने दो बड़े राज्यों में बड़ी कार्रवाई की है। एक तरफ जहां कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर में अवैध रूप से रह रहे दो पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र एटीएस (ATS) ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ राज्यव्यापी तलाशी अभियान शुरू किया है।
कर्नाटक: बागेपल्ली में भारतीय दस्तावेजों के साथ पाकिस्तानी मां-बेटा गिरफ्तार
चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक): कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले की बागेपल्ली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दासागरेपल्ली गांव में अवैध रूप से रह रहे दो पाकिस्तानी नागरिकों— एक महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। दोनों वीजा की अवधि (Validity) खत्म होने के बाद भी भारत में गैर-कानूनी तरीके से रह रहे थे।
स्थानीय व्यक्ति से की थी शादी, जब्त हुए कई दस्तावेज
गिरफ्तार किए गए पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान फरहानाज और उनके बेटे मोहम्मद फरदीन खान के रूप में हुई है।
-
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, फरहानाज ने दासागरेपल्ली गांव के रहने वाले एक भारतीय नागरिक ‘अयूब खान’ से शादी की थी और उनके दो बच्चे हैं।
-
बरामद दस्तावेज: चौंकाने वाली बात यह है कि भारतीय नागरिक न होने के बावजूद इन दोनों आरोपियों के पास से राशन कार्ड, [Aadhaar Omitted], वोटर आईडी कार्ड और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन पाकिस्तानी नागरिकों ने ये भारतीय पहचान पत्र कैसे और किसकी मदद से बनवाए।
महाराष्ट्र: गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर ATS का शिकंजा, 150 लोग रडार पर
मुंबई (महाराष्ट्र): केंद्रीय जांच एजेंसी (NIA) से मिले इनपुट के बाद महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े ऑनलाइन और सोशल मीडिया नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए राज्य भर में महा-अभियान शुरू किया है। सुरक्षा एजेंसियों का बड़ा एक्शन: कर्नाटक में आधार-वोटर आईडी के साथ पाकिस्तानी मां-बेटा गिरफ्तार; महाराष्ट्र में गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर ATS की महा-छापेमारी
सुबह 7 बजे से 14 यूनिटों की ताबड़तोड़ रेड
शनिवार सुबह 7 बजे से ही एटीएस की 14 अलग-अलग यूनिटों ने पूरे राज्य में एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई मुंबई, ठाणे, कुर्ला, बांद्रा, जोगेश्वरी, नवी मुंबई, मीरा रोड, भायंदर, सांगली, सतारा और छत्रपति संभाजी नगर समेत कई संवेदनशील ठिकानों पर की गई।
112 लोगों से पूछताछ जारी: जांच एजेंसियों के मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में रहने के कारण महाराष्ट्र में करीब 150 से अधिक लोग एटीएस के रडार पर हैं। अब तक एटीएस की टीमों ने कुल 112 संदिग्धों का पता लगाकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है ताकि इस सीमा पार सिंडिकेट के मंसूबों का पर्दाफाश किया जा सके।
