झपट्टा मारकर मंगलसूत्र लूटने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, रंगनाथनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया खुलासा
झपट्टा मारकर मंगलसूत्र लूटने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, रंगनाथनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया खुलास
कटनी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हुए बदमाश को रंगनाथनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.10 लाख रुपये कीमत का सोने के मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। आरोपी के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को प्रार्थिया नेहा वर्मा (38), निवासी पुलिस लाइन बोरीपारा (हाल अंबिकापुर, छत्तीसगढ़), ने थाना रंगनाथनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने परिवार के साथ भोपाल से कटनी आई थीं। सुबह लगभग 4:10 बजे मुड़वारा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-5 के पास कटनी साउथ स्टेशन जाने के लिए ऑटो की तलाश कर रही थीं। इसी दौरान महाजन टाल के सामने एक अज्ञात युवक उनके गले से लगभग 8 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना रंगनाथनगर में अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
लगातार प्रयासों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रचित उर्फ रोहित विश्वकर्मा (23), निवासी भट्टा मोहल्ला, लक्ष्मी पान भंडार के पास, थाना रंगनाथनगर, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 1.10 लाख रुपये कीमत का सोने के मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है।
सराहनीय भूमिका:
कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरुणपाल सिंह के नेतृत्व में सउनि बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक अनिल विश्वकर्मा, अजय तिवारी, अर्जुन तिवारी, लालजी यादव, आरक्षक वीरेन्द्र दहायत, महिला आरक्षक पूनम पांडे तथा आरक्षक रमजान संदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।